Google Analytics —— Meta Pixel

सुप्रीम कोर्ट में वकील ने CJI पर फेंका जूता, SCBA ने कहा- न्यायालय की गरिमा को पहुंचा ठेस

Ruckus in Supreme Court: भारत के सर्वोच्च न्यायालय में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक वकील ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) बी. आर. गवई पर हमला करने की कोशिश की। यह अप्रत्याशित घटना तब हुई जब CJI गवई एक मामले की सुनवाई कर रहे थे। आरोपी वकील ने कथित तौर पर उनकी ओर जूता फेंका, जो बेंच तक नहीं पहुंच सका। घटना के तुरंत बाद कोर्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने वकील को पकड़ लिया और कोर्ट रूम से बाहर ले गए। बाहर निकलते समय आरोपी ने नारा लगाया सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान। इस घटना के बावजूद CJI गवई ने अदालती कार्यवाही को शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ाया। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में पेशी, 13 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर चैतन्य बघेल, 8 अक्टूबर को होगी जमानत पर सुनवाई

उन्होंने कोर्ट में मौजूद वकीलों से कहा कि इस सबसे परेशान न हों, मैं भी परेशान नहीं हूं। इन चीजों से मुझे फर्क नहीं पड़ता। हालांकि सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि यह असंयमित और अनुचित व्यवहार न सिर्फ न्यायालय की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि न्याय प्रणाली के दो स्तंभों बार और बेंच के बीच पारस्परिक सम्मान को भी कमजोर करता है। SCBA ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी वकील बार का एक अस्थायी सदस्य है और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

सुप्रीम कोर्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी वकील का नाम राकेश किशोर कुमार है, जो 2011 से सुप्रीम कोर्ट बार में पंजीकृत है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि वह CJI गवई की भगवान विष्णु की खंडित मूर्ति पर की गई टिप्पणी से नाराज था। दरअसल, 16 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश के खजुराहो स्थित वामन मंदिर में भगवान विष्णु की 7 फीट ऊंची खंडित मूर्ति की पुनर्स्थापना की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी। CJI ने उस दौरान टिप्पणी की थी कि जाओ और भगवान से खुद करने को कहो। तुम कहते हो भगवान विष्णु के कट्टर भक्त हो, जाओ उनसे प्रार्थना करो। 

यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई और धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई। इसे ही हमले का कारण माना जा रहा है। CJI गवई ने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी को सोशल मीडिया पर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने कहा था कि मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं। बेंच में शामिल जस्टिस के विनोद चंद्रन ने सोशल मीडिया को एंटी-सोशल मीडिया बताया और कहा कि उन्हें भी गलत तरीके से पेश किया गया। वहीं सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने CJI का समर्थन करते हुए कहा कि मैं उन्हें 10 साल से जानता हूं, वे सभी धर्मस्थलों पर जाते हैं। सोशल मीडिया पर बातें बढ़ा-चढ़ाकर पेश की जाती हैं। 

MP Kapil Sibal Demand
MP Kapil Sibal

सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने भी सोशल मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि वकीलों को रोजाना इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। VHP के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए न्यायालय की गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह हम सबका कर्तव्य है कि न्यायालय में संयमित भाषा का प्रयोग करें, विशेषकर कोर्ट परिसर के अंदर। सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्था में इस तरह की घटना न सिर्फ कानून के प्रति अनादर दर्शाती है, बल्कि न्याय व्यवस्था पर सार्वजनिक विश्वास को भी प्रभावित कर सकती है। हालांकि CJI गवई की संयमित प्रतिक्रिया ने न्यायिक गरिमा को बनाए रखा, लेकिन यह घटना निश्चित ही गंभीर आत्ममंथन और सुरक्षा उपायों की पुनर्समीक्षा की मांग करती है।

Back to top button
error: Content is protected !!