नवजात को लेकर महिला ने की छीना-झपटी, छत्तीसगढ़ के इस जिला अस्पताल में बच्चा चोरी के शक में मचा हड़कंप

Surajpur District Hospital: सूरजपुर जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला पर नवजात बच्चे को चुराने का आरोप लगा। यह मामला मातृत्व और शिशु अस्पताल परिसर में उस वक्त सामने आया, जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला ने एक नवजात शिशु को अपना बच्चा बताते हुए जबरन उसे गोद में लेने की कोशिश की।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, अनिल राजवाड़े नाम के व्यक्ति की पत्नी ने 27 सितंबर को एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था, जिन्हें आज अस्पताल से छुट्टी मिलनी थी। अनिल डिस्चार्ज की प्रक्रिया के लिए जरूरी कागजात तैयार करवा रहे थे। इसी समय पुष्पा दास नाम की महिला अपने पति नवल दास के साथ अपनी तीन महीने की बच्ची को सर्दी-खांसी की शिकायत के चलते डॉक्टर को दिखाने अस्पताल पहुंची थी। अस्पताल पहुंचने पर उसका पति उसे नीचे छोड़कर बच्ची को लेकर डॉक्टर के पास गया। (Surajpur District Hospital)
यह भी पढ़ें:- INDIAN CRICKET TEAM : चैंपियंस ट्रॉफी जीत में द्रविड़ को श्रेय, रोहित के बयान से गंभीर हो सकते हैं नाराज
इसी बीच पुष्पा ने अनिल राजवाड़े को नवजात के साथ खड़ा देखा और अचानक दौड़कर बच्चे को अपना बताते हुए जबरन गोद में लेने की कोशिश करने लगी। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद मरीज और उनके परिजन घबरा गए। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल महिला को काबू में लिया और पुलिस सहायता केंद्र को सौंप दिया। कुछ देर बाद जब पुष्पा का पति नवल दास वापस आया और पुलिस चौकी पहुंचा तो उसने स्थिति स्पष्ट की। उसने बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है। पुष्पा ने अनजाने में यह हरकत की है। (Surajpur District Hospital)
पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने ली राहत की सांस
यह सुनकर पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली। बच्चा चोरी का मामला पूरी तरह से एक गंभीर गलतफहमी साबित हुआ। पुलिस सहायता केंद्र सूरजपुर की प्रभारी मंजू सिंह ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे परिवार के हवाले किया गया है। बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि कोई आपराधिक मंशा नहीं थी। हालांकि यह मामला सिर्फ एक भ्रम साबित हुआ, लेकिन इससे यह स्पष्ट हो गया कि अस्पतालों में विशेषकर मातृत्व और नवजात वार्डों में सुरक्षा व्यवस्था कितनी अहम है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
जवाब तलाशते कई सवाल
- क्या अस्पतालों में मानसिक रूप से अस्वस्थ मरीजों के लिए अलग से व्यवस्था होनी चाहिए ?
- क्या अस्पतालों में नवजात शिशुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता के उपाय किए जा रहे हैं ?
- क्या बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से निपटने के लिए स्टाफ को संवेदनशीलता और प्रशिक्षण की आवश्यकता है ?
- अगर समय रहते सुरक्षाकर्मी नहीं पहुंचते तो क्या स्थिति और बिगड़ सकती थी ?
- क्या मौजूदा अस्पताल सुरक्षा प्रणाली ऐसे मामलों को रोकने के लिए पर्याप्त है ? (Surajpur District Hospital)



