रायपुर IIIT के छात्र की शर्मनाक करतूत, AI से बनाई 36 छात्राओं की अश्लील फोटो

Shameful Act of IIIT Student: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां संस्थान के थर्ड ईयर के एक छात्र ने AI तकनीक की मदद से कॉलेज की 36 छात्राओं की तस्वीरों को अश्लील रूप में मॉर्फ किया। मामला सामने आने के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें:- जनजातीय नायकों की विरासत सहेजना हमारी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री साय
जानकारी के मुताबिक बिलासपुर के रहने वाले इस छात्र के खिलाफ जब छात्राओं ने शिकायत की तो संस्थान के महिला स्टाफ की टीम ने आरोपी छात्र के कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान लैपटॉप, मोबाइल फोन और पेन ड्राइव जब्त किए गए, जिनमें से 1 हजार फोटो और वीडियो बरामद हुए हैं। इनमें से कई फोटो छात्राओं की असली तस्वीरों को AI तकनीक से मॉर्फ कर अश्लील रूप में तैयार किए गए थे। (Shameful Act of IIIT Student)
6 अक्टूबर को स्टूडेंट सस्पेंड
शिकायत मिलने के बाद ट्रिपल आईटी प्रबंधन ने आरोपी छात्र को 6 अक्टूबर की सुबह 6:30 बजे सस्पेंड कर दिया। संस्थान के रजिस्ट्रार प्रोफेसर श्रीनिवास ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला स्टाफ की एक जांच समिति गठित की गई, जो छात्राओं से बातचीत कर रही है। सभी पीड़ित छात्राओं की सहमति (कंसेंट) लेने के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अब तक इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है, जिससे संस्थान की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं। कई लोग आरोप लगा रहे हैं कि प्रबंधन इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।
ट्रिपल आईटी पहुंची पुलिस
मामला सामने आने के बाद रायपुर पुलिस की टीम ट्रिपल आईटी पहुंची और संस्थान के प्रबंधक से चर्चा की,लेकिन अभी तक यह साफ नहीं है कि पुलिस ने केस दर्ज किया है या नहीं। मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यजनक है। समाज में तकनीकों का इस तरह दुरुपयोग एक कड़ी सीख है। मुझे जानकारी मिली है कि छात्र को सस्पेंड किया गया है। मैं इस विषय में तकनीकी शिक्षा मंत्री से बात करूंगा। नारियों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। इस मामले में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि यह युवा पीढ़ी के लिए एक सबक बने।
समाज और तकनीक दोनों पर सवाल
यह घटना न सिर्फ शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि AI जैसी उन्नत तकनीकों का दुरुपयोग किस हद तक खतरनाक हो सकता है। यह मामला अब सिर्फ एक संस्थान का नहीं, बल्कि पूरे समाज और शिक्षा तंत्र के लिए चेतावनी है। सवाल यह है कि क्या प्रबंधन इस मामले को पारदर्शिता से निपटाएगा या इसे दबाने की कोशिश होगी ? साथ ही पुलिस इस शर्मनाक कृत्य पर कब सख्त कार्रवाई करेगी ?
क्या कहता है कानून ?
- आईटी एक्ट धारा 66E- बिना अनुमति के तस्वीरें लेना या शेयर करना अपराध है।
- आईटी एक्ट धारा 67- अश्लील सामग्री इंटरनेट पर डालना दंडनीय अपराध है।
- आईटी एक्ट धारा 66C- किसी की पहचान का गलत उपयोग करना अपराध है।
- IPC धारा 354C- महिलाओं की निजता में झांकना या फोटो लेना दंडनीय है।
- IPC धारा 509-महिलाओं और युवतियों की गरिमा को ठेस पहुंचाना अपराध है।



