राजधानी रायपुर के DKS अस्पताल में बड़ी लापरवाही, ब्रेन हेमरेज के मरीज का मोबाइल पार, चोर ने PhonePe से ट्रांसफर किए 72,800 रुपए

Negligence at DKS Hospital: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मल्टीस्पेशलिटी DKS अस्पताल में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां ब्रेन हेमरेज के चलते अस्पताल में भर्ती एक मरीज का मोबाइल चोरी हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने उसी मोबाइल का इस्तेमाल कर PhonePe एप के माध्यम से करीब 72,800 रुपए की ठगी को अंजाम दे डाला। पीड़ित मरीज ने ठीक होने के बाद थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:- रायपुर IIIT के छात्र की शर्मनाक करतूत, AI से बनाई 36 छात्राओं की अश्लील फोटो
रायपुर के रहने वाले देबराज बेहरा निजी कंपनी में काम करते हैं, जिन्हें 27 जून को काम के दौरान ब्रेन हेमरेज हुआ था। अचेत अवस्था में उन्हें सहकर्मियों ने तत्काल DKS अस्पताल में भर्ती कराया। 29 जून को ओडिशा से उनके भाई मिलने रायपुर पहुंचे थे। उस दौरान देबराज का मोबाइल और पर्स मेडिसिन टेबल की दराज में सुरक्षित रख दिए गए थे। मरीज की स्थिति गंभीर होने के कारण वह अचेत अवस्था में ICU में भर्ती थे। उसी दिन शाम को जब मरीज के सहकर्मी उन्हें देखने पहुंचे तो मोबाइल फोन दराज से गायब मिला। शुरुआत में सभी को लगा कि शायद परिजन मोबाइल साथ ले गए होंगे, लेकिन बाद में जब देबराज को अस्पताल से छुट्टी मिली और उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच की, तब पूरी ठगी का खुलासा हुआ। (Negligence at DKS Hospital)
2 बार पैसे किए ट्रांसफर
जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने 1 जुलाई को 40,000 रुपए और 2 जुलाई को 22,800 रुपए PhonePe एप के जरिए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद देबराज बेहरा ने पूरे मामले की जानकारी गोलबाजार थाने में दी, जहां पुलिस ने उनकी शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। एएसपी (सिटी) लखन पटले के मुताबिक पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की ट्रेसिंग शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। (Negligence at DKS Hospital)
अस्पताल प्रशासन पर उठे सवाल
DKS जैसे बड़े सरकारी अस्पताल में भर्ती अचेत मरीज की संपत्ति की सुरक्षा में चूक को लेकर प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं। घटना ने यह भी उजागर कर दिया है कि अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके निजी सामान की सुरक्षा को लेकर कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। यह घटना न सिर्फ साइबर क्राइम का उदाहरण है, बल्कि यह भी बताती है कि अस्पतालों में कितनी लापरवाही हो सकती है। पुलिस अब तकनीकी जांच और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। (Negligence at DKS Hospital)



