Google Analytics —— Meta Pixel

75 साल के बुजुर्ग और 45 साल की महिला ने रचाई शादी, मोहल्ले वाले बने बाराती

Special Marriage in Bilaspur: प्यार की कोई उम्र नहीं होती…इस कहावत को सच कर दिखाया है बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित चिंगराजपारा के एक बुजुर्ग और महिला ने। गुरुवार की रात एक अनोखी शादी ने न सिर्फ मोहल्ले वालों को चौंका दिया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि अगर दिल जवान हो तो जिंदगी के हर मोड़ पर मोहब्बत की बारात निकल सकती है। 75 साल के दादू राम गंधर्व और 45 साल की आरती त्रिवेदी ने शिव मंदिर में पूरे विधि-विधान से सात फेरे लिए। करवाचौथ से एक दिन पहले हुई इस शादी में मोहल्ला बाराती बन गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए लोग इस अनोखी शादी के गवाह बने।

यह भी पढ़ें:- पालतू कुत्ते के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने की थाने में धावा, मालकिन की जमकर पिटाई

दूल्हे दादू राम लाल साफा बांधे, मूंछों पर ताव देते नजर आए तो दुल्हन आरती पारंपरिक लिबास में सजी-धजी। वरमाला से लेकर मांग भरने तक की हर रस्म निभाई गई। शादी के बाद दंपति ने पूरे मोहल्ले का आभार जताया और साथ में जीवन बिताने की इच्छा जताई। दादू राम गंधर्व पहले से शादीशुदा थे, लेकिन उनकी पहली पत्नी का निधन कई साल पहले हो गया था। वहीं आरती त्रिवेदी की पहली शादी 1993 में हुई थी, लेकिन घरेलू हिंसा और शराब की लत के चलते उन्होंने अपने पहले पति को 10 साल पहले छोड़ दिया था। आरती के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटी की शादी हो चुकी है और बेटा अपने पिता के पास रहता है।

जानिए कैसे हुई मुलाकात ?

आरती ने बताया कि वो अकेले जीवन यापन कर रही थी। एक-दो साल पहले दादू राम से मुलाकात हुई, बातचीत बढ़ी और फिर दोनों ने साथ जीने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि जिंदगी में किसी का साथ होना बहुत जरूरी है। दादू राम मुझे अच्छे लगे और हमने तय किया कि साथ रहेंगे। महिला ने यह भी बताया कि उन्होंने करवाचौथ का व्रत भी रखा है। वहीं दादू राम गंधर्व ने कहा कि भगवान की कृपा से दोबारा शादी हुई है, इसलिए मूंछों पर ताव दिया है। जीवन में प्यार और साथ की जरूरत कभी खत्म नहीं होती। (Special Marriage in Bilaspur)

सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़

इस शादी ने मोहल्ले के लोगों को भी भावुक कर दिया। कुछ ने इसे ‘राधे-श्याम 2.0’ कहा तो कुछ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया- ‘Love है, Age नहीं।’ लोगों ने दूल्हा-दुल्हन को शादी की बधाइयां दी और इस रिश्ते को समाज के लिए एक मिसाल बताया। राम गंधर्व और आरती त्रिवेदी की ये शादी यह साबित करती है कि प्यार दिल से होता है, उम्र से नहीं। जीवन के किसी भी मोड़ पर प्यार और साथ की जरूरत महसूस हो सकती है और अगर दो लोग आपसी सहमति और समझ से एक-दूसरे का साथ चुनते हैं तो उम्र सिर्फ एक संख्या बन कर रह जाती है। (Special Marriage in Bilaspur)

Back to top button
error: Content is protected !!