Google Analytics —— Meta Pixel

संघर्ष विराम को लेकर नक्सल संगठन में दो फाड़, 4 अलग-अलग डिवीजन ने जताई संघर्ष विराम की इच्छा

Naxalite Sangathan Letters: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सलवाद को खत्म करने के लिए निर्धारित की गई समयसीमा के बीच देश के नक्सल संगठन में आंतरिक फूट की स्थिति स्पष्ट रूप से उभर कर सामने आ रही है। बीते एक महीने में नक्सली संगठन की ओर से कुल 8 पत्र जारी किए गए हैं, जिनमें संघर्ष विराम की अपील या उस पर प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है। इस कड़ी की शुरुआत केंद्रीय समिति के प्रवक्ता अभय ने की गई थी, जिन्होंने संघर्ष विराम की पहल करते हुए एक पत्र जारी किया। 

यह भी पढ़ें:- 75 साल के बुजुर्ग और 45 साल की महिला ने रचाई शादी, मोहल्ले वाले बने बाराती

नक्सल पोलित ब्यूरो सदस्य सोनू ने भी 6 पन्नों का एक विस्तृत पत्र जारी कर अन्य नक्सलियों से शांति प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की। हालांकि इस पहल को लेकर संगठन के भीतर स्पष्ट मतभेद हैं। तेलंगाना स्टेट कमेटी ने संघर्ष विराम के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है। इसके बावजूद उत्तर बस्तर डिवीजन कमेटी, माड़ डिवीजन कमेटी, गढ़चिरौली डिवीजन और सिंगरेनी लेबर फेडरेशन (तेलंगाना) ने इस शांति पहल का समर्थन करते हुए हिंसा छोड़ने की बात कही है। 

शांति की पेशकश हो सकती है चाल: जानकार

सुरक्षा एजेंसियां इन सभी पत्रों की गहराई से जांच कर रही हैं और संभावित रणनीतिक मकसदों की पड़ताल में जुटी हैं। सुरक्षाबलों को आशंका है कि यह शांति की पेशकश नक्सलियों की एक रणनीतिक चाल भी हो सकती है। बस्तर IG सुंदरराज पी ने नक्सलियों से हिंसा का मार्ग छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि अब उनके पास समय कम बचा है। अगर वे समय रहते हिंसा का रास्ता नहीं छोड़ते तो इसके परिणाम उनके लिए घातक हो सकते हैं। शांति ही उनका एकमात्र विकल्प है। (Naxalite Sangathan Letters)

बीजापुर में नक्सलियों की क्रूरता 

वहीं बीजापुर में नक्सली हिंसा की अमानवीयता एक बार फिर सामने आई है। गंगालूर के पीड़िया गांव में एक आदिवासी बच्चा नक्सलियों के बिछाए गए प्रेशर IED की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना न सिर्फ नक्सली हिंसा की क्रूरता को उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे निर्दोष ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों को नक्सली अपनी विचारधारा की भेंट चढ़ा रहे हैं। घायल बच्चे को CRPF 199वीं और 85वीं बटालियन के जवानों ने प्राथमिक इलाज के बाद बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

नारायणपुर में 5 किलो वजनी IED बरामद

इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा रोष है और उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सुरक्षाबलों ने घटना के बाद आसपास के जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके। वहीं नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी अनहोनी को टालते हुए 5 किलो वजनी कुकर IED को बरामद कर मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। यह बम थाना धनोरा क्षेत्र के अंतर्गत इकनार गांव के जंगल और पहाड़ी इलाके में लगाया गया था। (Naxalite Sangathan Letters)

सुरक्षाबलों की सतर्कता की तारीफ

सूचना मिलते ही मौके पर बम निरोधक दस्ता (BDS) और DRG की टीम पहुंची और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए क्षेत्र को खाली कराया गया। इसके बाद IED को सफलता पूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक यह बरामदगी नक्सलियों की सतत सक्रियता का प्रमाण है। उनका मकसद सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को निशाना बनाना है, लेकिन हमारी सतर्कता के चलते बड़ी घटना को टाला गया। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षाबलों की सतर्कता और तत्परता की व्यापक सराहना हो रही है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नक्सली गतिविधियों को जड़ से समाप्त करने के लिए उनका अभियान तेज गति से जारी रहेगा। (Naxalite Sangathan Letters)

Back to top button
error: Content is protected !!