ऑपरेशन सिंदूर भारत की बढ़ती स्वदेशी शक्ति का ज्वलंत प्रमाण है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Defence Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह महाराष्ट्र के पुणे में सिम्बायोसिस स्किल्स एंड प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की बढ़ती स्वदेशी रक्षा शक्ति का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि देश में आत्मनिर्भर रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित करने के सरकार के लगातार प्रयासों का नतीजा है। इस अभियान में हमारी सेनाओं ने अपने अदम्य शौर्य और भारत में निर्मित उपकरणों की क्षमता का परिचय दिया, जिसे पूरी दुनिया ने देखा। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब भारत ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की पहल की थी तो यह कठिन लग रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में घरेलू रक्षा निर्माण के विस्तार में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। इस संकल्प के कारण ही आज सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान-तालिबान में बढ़ा तनाव, पाक ने भारत पर लगाया आरोप, कहा- इंडिया के लिए प्रॉक्सी वॉर लड़ रहा अफगानिस्तान
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद हम हथियारों के लिए अन्य देशों पर अत्यधिक निर्भर थे। अब हमारा लक्ष्य है कि हमारे सैनिकों के लिए स्वदेश में हथियार बनाए जाएं। ऑपरेशन सिंदूर में पूरी दुनिया ने हमारे सैनिकों की वीरता देखी, जिन्होंने देश में निर्मित रक्षा उपकरणों का उपयोग कर निर्धारित लक्ष्य हासिल किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पिछले 10 सालों में रक्षा उत्पादन को 46 हजार करोड़ रुपए से बढ़ाकर रिकॉर्ड 1.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने की सफलता साझा की। इसमें निजी क्षेत्र का योगदान लगभग 33 हजार करोड़ रुपए का रहा। उन्होंने कहा कि साल 2029 तक तीन लाख करोड़ रुपए का रक्षा उत्पादन और 50 हजार करोड़ रुपए का निर्यात लक्ष्य हासिल करना संभव है। (Defence Minister Rajnath Singh)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सच्ची सफलता सिर्फ डिग्री में नहीं, बल्कि सामाजिक लाभ के लिए ज्ञान के उपयोग में है। उन्होंने कौशल विकास की अहमियत बताते हुए कहा कि अब दुनिया पूछती है कि आप क्या कर सकते हैं? और जो ज्ञान प्रयोग में नहीं लाया जाता, वह अधूरा है। रक्षा मंत्री ने कहा कि टेक्नोलॉजी एक साधन है, साध्य नहीं, जो व्यक्ति AI का सही उपयोग करना सीख जाएगा, वह भविष्य में और आगे बढ़ेगा। AI को प्रतिस्पर्धी नहीं, सहयोगी के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक साधन है, मूल्यों और नैतिकता का विकल्प नहीं।

रक्षा मंत्री ने डीआरडीओ के आयुध अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान (ARDE), पुणे का दौरा किया और एसीई क्लस्टर के विभिन्न उन्नत प्रयोगशालाओं में विकसित रक्षा प्रणालियों जैसे उन्नत टोड आर्टिलरी गन, पिनाका रॉकेट सिस्टम, लाइट टैंक ‘जोरावर’, पहिएदार बख्तरबंद प्लेटफार्म और आकाश मिसाइल का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता सिर्फ लक्ष्य नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच है। डीआरडीओ ने अब सिर्फ सरकारी पहल तक सीमित नहीं रहकर राष्ट्रीय मिशन में सभी हितधारकों के साथ मिलकर नवाचार-संस्कृति स्थापित की है। (Defence Minister Rajnath Singh)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब न केवल अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहा है, बल्कि वैश्विक रक्षा साझेदार के रूप में उभर रहा है। उन्होंने युवाओं से कहा कि उभरती प्रौद्योगिकियों में अवसरों का लाभ उठाएं और अपने सपनों को राष्ट्र के विकास से जोड़ें। कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्कूल ऑफ डिफेंस एंड एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी का उद्घाटन किया। रक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत के 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य और अमृत काल में प्रवेश के इस युग में युवाओं की भागीदारी निर्णायक होगी। उन्होंने कहा कि जीवन की महत्वाकांक्षाओं को देश में बदलाव का प्रेरक बनाएं।




