छत्तीसगढ़ में BMO 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, एसीबी ने बाबू की शिकायत पर कार्रवाई की
Chhattisgarh News : भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। आज शुक्रवार को सक्ति जिले में एसीबी की टीम ने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डभरा राजेंद्र कुमार पटेल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़े :- दीवाली की खुशखबरी! 88,568 श्रमिकों के खातों में अंतरित 26.90 करोड़ रुपए
यह कार्रवाई BMO कार्यालय के ही बाबू उमेश कुमार चंद्रा की शिकायत पर की गई। बाबू ने एसीबी बिलासपुर इकाई को बताया कि बीएमओ ने यात्रा भत्ता (TA) बिल के भुगतान के एवज में कुल 32,500 रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से 16,500 रुपए पहले ही ले चुका था। शेष 16,000 रुपए की नई मांग के बाद शिकायत दर्ज कराई गई।
एसीबी ने जांच में शिकायत को सही पाया और जाल बिछाया। तय सौदेबाजी के बाद 15 हजार रुपए देने पर सहमति बनी। जैसे ही बाबू ने पैसे बीएमओ को कार्यालय में सौंपे, टीम ने धावा बोलकर बीएमओ पटेल को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। (Chhattisgarh News)
इस अचानक कार्रवाई से पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मौके से बरामद 15 हजार रुपए को जब्त कर, एसीबी ने आरोपी बीएमओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया। (Chhattisgarh News)



