पाक आर्मी चीफ आसिम मुनीर का भड़काऊ बयान, भारत को दी युद्ध की धमकी, राफेल गिराने का भी दावा

Pak Army Chief Munir: पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने एक बार फिर भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी की है। शनिवार को सैन्य अकादमी में पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत पर सीधे तौर पर हमला बोलते हुए कहा कि पाकिस्तान के पास ऐसे हथियार मौजूद हैं, जो कहीं भी जाकर हमला करने की क्षमता रखते हैं। मुनीर ने कहा कि भारत की यह गलतफहमी कि वह क्षेत्र में अपने बड़े आकार के कारण सुरक्षित है, जल्द ही खत्म हो जाएगी। अगर युद्ध हुआ तो पाकिस्तान की प्रतिक्रिया उनकी कल्पना से परे होगी।
यह भी पढ़ें:- धनतेरस पर गुम मोबाइल लौटाकर पुलिस ने बांटी खुशियां, हजारों मोबाइल लौटाकर लोगों को दिया अनमोल तोहफा
आसिम मुनीर ने यह भी कहा कि परमाणु शक्ति से लैस देशों के बीच युद्ध की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए, लेकिन अगर भारत ने हमला किया तो पाकिस्तानी सेना ऐसा जवाब देगी, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। मुनीर ने दावा किया कि ऑपरेशन बुनीयान-उम-मारसूज के दौरान पाकिस्तान ने अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया और भारत जैसे बड़े दुश्मन को मात दी। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तानी सेना देश की एक इंच जमीन भी दुश्मन को नहीं सौंपेगी। मुनीर ने कहा कि हमने पहले भी भारत को हराया है और अब भारत समर्थित आतंकी समूहों को भी कुचल देंगे। (Pak Army Chief Munir)
राफेल और S-400 सिस्टम को बनाया निशाना: मुनीर
आर्मी चीफ मुनीर ने दावा किया कि पाकिस्तान एयर फोर्स ने भारत के राफेल फाइटर जेट्स को गिराया है और कई भारतीय सैन्य ठिकानों के साथ-साथ S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम को भी निशाना बनाया है। मुनीर ने कश्मीर पर भी बयान दिया और कहा कि कश्मीरियों को आत्मनिर्णय का अधिकार मिलना चाहिए और पाकिस्तान हमेशा उनका समर्थन करता रहेगा। मुनीर ने हाल ही में सऊदी अरब के साथ हुए रक्षा समझौते की भी सराहना की। उन्होंने इसे पाकिस्तान-सऊदी भाईचारे को मजबूत करने वाला कदम बताया और कहा कि यह मिडिल ईस्ट और एशिया में शांति स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। (Pak Army Chief Munir)
17 सितंबर को हुआ था रक्षा समझौता
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अब ईरान के साथ भी शांतिपूर्ण बातचीत की दिशा में कदम बढ़ा रहा है और अन्य मुस्लिम देशों के साथ सहयोग को और मजबूत कर रहा है। साथ ही उन्होंने चीन के साथ रणनीतिक साझेदारी पर गर्व जताया और अमेरिका के साथ मजबूत होते संबंधों को प्रेरणादायक बताया। इससे पहले 17 सितंबर को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते के तहत अगर किसी एक देश पर हमला होता है तो उसे दूसरे देश पर हमला माना जाएगा।
रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का अफगानियों को फरमान
दोनों देशों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह समझौता क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और वैश्विक शांति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसमें मिलिट्री सहयोग, खुफिया साझेदारी और यहां तक कि परमाणु हथियारों के संभावित इस्तेमाल की बात भी शामिल है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि भारत को इसकी जानकारी पहले से थी और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीखी टिप्पणी की है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में रह रहे अफगानियों को अब अपने देश वापस जाना होगा।
अफगानी भारत क्यों नहीं चले जाते ?: आसिफ
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने कहा कि पुराने रिश्तों का दौर खत्म हो चुका है। अफगानिस्तान और भारत के अच्छे संबंध हैं तो अफगानी भारत क्यों नहीं चले जाते ? आसिफ ने भारत पर आरोप लगाया कि वह तालिबान को समर्थन देकर अफगानिस्तान में प्रॉक्सी वॉर लड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत या अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को उकसाया तो पाकिस्तान सैन्य कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगा। बता दें कि 9 अक्टूबर से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी संघर्ष के बीच 48 घंटे के सीजफायर के बाद भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में एयर स्ट्राइक की।
3 अफगान क्लब क्रिकेटर मारे गए
अफगान मीडिया के मुताबिक इस हमले में उर्गुन और बर्मल जिलों के कई घरों को निशाना बनाया गया, जिनमें 3 अफगान क्लब क्रिकेटर मारे गए। संयुक्त राष्ट्र (UN) के मुताबिक इस हफ्ते पाकिस्तान की कार्रवाई में अफगानिस्तान के छह प्रांतों में 37 नागरिकों की मौत हुई है और 425 लोग घायल हुए हैं। तालिबान सरकार ने पाकिस्तान पर नागरिक इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है, जबकि पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने सिर्फ आतंकी ठिकानों पर हमला किया। हालिया घटनाओं से स्पष्ट है कि दक्षिण एशिया में तनाव एक बार फिर चरम पर है। (Pak Army Chief Munir)



