राष्ट्रपति ने बालोद जिले को दिया स्क्रीन फेलिसिटेशन अवार्ड
कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों को दिया सम्मान
बालोद: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आदि कर्मयोगी अभियान के तहत बालोद जिले में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए बालोद जिले को ‘स्क्रीन फेलिसिटेशन अवार्ड’ से सम्मानित किया। यह पुरस्कार 17 अक्टूबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में आदिम जाति कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा को प्रदान किया गया।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय ने गोवर्धन पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
आदिवासी बहुल 186 ग्रामों में डोर-टू-डोर संपर्क और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नेतृत्व सशक्तिकरण के प्रयासों को देखते हुए यह सम्मान दिया गया। इसी दौरान ट्राईबल विलेज एक्शन प्लान और ट्राईबल विलेज विजन 2030 तैयार किए गए, जिनके आधार पर भारत सरकार ने जिले को यह अवार्ड प्रदान किया।
इस उपलब्धि पर आज बालोद जिला प्रशासन ने सयुंक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय सिंह कंवर, एसडीएम सुरेश साहू और जनपद पंचायत डौण्डी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डीडी मंडले सहित अन्य अधिकारियों का सम्मान किया।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए मुख्य सूत्रधार सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय सिंह कंवर और अन्य अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।



