Google Analytics —— Meta Pixel

बेगूसराय में चार लोगों की ट्रेन से कटकर मौत, गुरुग्राम में मां ने बेटे के साथ की आत्महत्या

Train Accident in Begusarai: बिहार के बेगूसराय जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां बुधवार देर रात बरौनी-कटिहार रेलखंड पर आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। मृत महिला और उसका परिवार पटरी पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेन ने उन्हें कुचल दिया। घटना उस समय हुई जब राहुआ गांव के रहने वाले चार लोग अपने घर लौट रहे थे। वे पास के इलाके में लगे मेले में से लौट रहे थे और रेलवे पटरी पार करना उनके लिए जरूरी था। उसी समय आम्रपाली एक्सप्रेस कटिहार की ओर जा रही थी, जिसकी चपेट में आने से सभी की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री मोदी का मलेशिया दौरा टला, ट्रंप से संभावित मुलाकात हुई स्थगित

मृतकों की पहचान 40 साल की रीता देवी, उनकी 14 साल की बेटी रोशनी कुमारी, 7 साल की आरोही कुमारी और
35 साल के धर्मदेव महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। रेल अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और ट्रैक पार करने के नियमों का पालन न करने के कारण यह हादसा हुआ। रेलवे प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि ट्रैक पार करते समय हमेशा निर्धारित क्रॉसिंग का ही उपयोग करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। (Train Accident in Begusarai)

मां ने बेटे के साथ की आत्महत्या

वहीं गुरुग्राम के सेक्टर-95 में भी एक दुखद घटना हुई है। 27 साल की महिला ने अपने तीन साल के बेटे के साथ सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक घटना दोपहर 3 से 3:30 बजे के बीच हुई। जांच अधिकारियों ने बताया कि महिला का पति और ससुराल वालों के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद महिला अपने कमरे में गई, अपने बेटे को अपने साथ लिया और बालकनी से कूद गई। पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरन ने बताया कि आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में महिला पर पति और ससुरालवाले दहेज के लिए दबाव बना रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!