डॉक्टर की लापरवाही से प्रसूता की मौत! परिजनों ने लगाया जरूरत से ज्यादा ब्लड चढ़ाने का आरोप
रायपुर । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जामुल स्थित सुविधा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ऑपरेशन के तीन दिन बाद खून की कमी बताकर जरूरत से ज्यादा ब्लड चढ़ाया गया, जिससे महिला की जान चली गई।
यह भी पढ़े :- भारत को लेकर दावे पर दावे करते हैं ट्रंप, थरूर बोले – हमारे फैसले हम खुद करेंगे
जानकारी के अनुसार, मृतका का ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ था, लेकिन कुछ दिन बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि अस्पताल ने ब्लड की सही मात्रा का ध्यान नहीं रखा और परिवार को सूचना दिए बिना सीधे पुलिस को जानकारी दे दी। इससे नाराज़ परिजन जामुल थाने पहुंचे और डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की।
मामले में पुलिस ने सीएमएचओ को पत्र भेजकर मेडिकल जांच टीम गठित करने का अनुरोध किया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्या बोले डॉक्टर
हॉस्पिटल के डॉक्टर शाह फैसल ने कहा कि मरीज गंभीर स्थिति में आई थी और उसे इमरजेंसी में सीजर किया गया। “19 तारीख को सब कुछ ठीक था, लेकिन अगले दिन ब्लड टेस्ट में हीमोग्लोबिन 6 ग्राम मिला। ब्लड चढ़ाने के बाद मरीज को पल्मोनरी एम्बोलिज्म हो गया। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया, पर दुर्भाग्यवश उसकी मौत हो गई,” उन्होंने बताया।



