Google Analytics —— Meta Pixel

अबूझमाड़ में तेरहवीं का खाना खाने से फूड पॉइजनिंग, 5 की मौत, 25 से ज्यादा बीमार

Food Poisoning in Narayanpur: नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां डूंगा ग्राम पंचायत के आश्रित गांव गोट में फूड पॉइजनिंग की वजह से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 से ज्यादा ग्रामीण बीमार हैं। मृतकों में दो महिलाएं और दो माह की बच्ची भी शामिल है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर डटी हुई है और सभी बीमारों का इलाज किया जा रहा है। दरअसल, 14 अक्टूबर को गांव में एक ग्रामीण के घर तेरहवीं कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में पूरे गांव के लोग शामिल हुए थे।

यह भी पढ़ें:- डॉक्टर की लापरवाही से प्रसूता की मौत! परिजनों ने लगाया जरूरत से ज्यादा ब्लड चढ़ाने का आरोप

भोज के बाद कुछ घंटों में ही ग्रामीणों को उल्टी-दस्त और चक्कर आने की शिकायतें शुरू हो गईं। ग्रामीणों ने शुरू में गांव के सिरहा-गुनिया से इलाज करवाया, लेकिन हालत बिगड़ने पर 14 से 20 अक्टूबर के बीच पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 2 माह की बच्ची बेबी, बुधरी (25), बुधराम (24), लख्खे (45) और उर्मिला (25) के रूप में हुई है। इसके अलावा लगभग 25 ग्रामीण बीमार हैं। इनमें से 20 लोगों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण मिले हैं, जबकि दो को मलेरिया और तीन को अन्य बीमारियां पाई गईं। एक महिला को गंभीर हालत में भैरमगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। (Food Poisoning in Narayanpur)

मौके पर दो जिलों की स्वास्थ्य टीमें

गांव की स्थिति को देखते हुए नारायणपुर और बीजापुर जिलों की स्वास्थ्य टीमों को मौके पर भेजा गया। CMHO डॉ. टी.आर. कंवर ने बताया कि ग्रामीणों की मौत दूषित भोजन खाने से हुई है। सभी बीमारों का मेडिकल परीक्षण और इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में स्वास्थ्य शिविर और मेडिकल कैंप लगाया है। नारायणपुर कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि गोट गांव में फूड पॉइजनिंग की घटना की सूचना मिली है। स्वास्थ्य अमला मौके पर मौजूद है और बीमारों का इलाज किया जा रहा है। टीम के लौटने के बाद विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होगी। गांव में लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और भोजन के सैंपल फूड लैब भेजे जा रहे हैं।

दुर्ग के समोदा में भी डायरिया का प्रकोप

डॉक्टरों ने ग्रामीणों को उबला पानी पीने और गर्म भोजन करने की सलाह दी है। स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। वहीं दूसरी ओर दुर्ग जिले के समोदा गांव में डायरिया का प्रकोप देखने को मिला है। यहां दीपावली के बाद अब तक 60 से ज्यादा मरीजों में लक्षण पाए गए हैं। गांव के 11 मरीजों को शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पीने के पानी की पाइपलाइन नालियों से होकर गुजरने के कारण दूषित पानी की आपूर्ति होने की संभावना है। ग्रामीणों को उबला पानी पीने और साफ-सफाई बनाए रखने की हिदायत दी गई है। विभाग की ओर से क्लोरीन टैबलेट और बचाव की दवाइयां वितरित की जा रही हैं। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता पर्याप्त नहीं है और गांव में स्थाई स्वास्थ्य शिविर लगाने की जरूरत है।

Back to top button
error: Content is protected !!