Google Analytics —— Meta Pixel

भारतमाला परियोजना में मुआवजा घोटाला : ईओडब्ल्यू की कार्रवाई में तीन पटवारी गिरफ्तार, करोड़ों की हेराफेरी का आरोप

Bharat Mala Project Scam : भारतमाला परियोजना के मुआवजा घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने तीन पटवारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश पटेल (तत्कालीन पटवारी नायकबांधा), लेखराम देवांगन (तत्कालीन पटवारी टोकरो) और बसंती घृतलहरे (तत्कालीन पटवारी भेलवाडीह) शामिल हैं। (Bharat Mala Project Scam)

यह भी पढ़े :- बाबा कार्तिक उरांव ने जनजातीय समाज के उत्थान हेतु अपना जीवन किया समर्पित – CM साय

आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो में अपराध क्रमांक 30/2025 के तहत दर्ज मामले में इन पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7सी, 12 एवं धारा 409, 467, 468, 471, 420, 120बी भादवि के तहत कार्रवाई की गई है।

शासन को करोड़ों की हानि

वर्ष 2020 से 2024 के बीच भारतमाला परियोजना (रायपुर–विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर) के अंतर्गत भू-अर्जन प्रकरण में शासन को करोड़ों की आर्थिक हानि पहुंचाने का आरोप है।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शासन द्वारा अर्जित भूमि को दोबारा शासन को बेचने, बैक डेट में बंटवारा और नामांतरण करने, भूमि स्वामी के बदले अन्य व्यक्तियों को मुआवजा दिलाने जैसे फर्जीवाड़े किए। कुछ मामलों में निजी भूमि को गलत तरीके से परियोजना प्रभावित बताकर उसका टुकड़ों में विभाजन कर फर्जी मुआवजा राशि निकाल ली गई।

हाईकोर्ट से मिली राहत हटते ही हुई गिरफ्तारी

पूर्व में न्यायालय द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वारंट और उद्घोषणा जारी कर कुर्की की कार्रवाई की गई थी। बाद में माननीय उच्च न्यायालय ने गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी।
लेकिन 28 अक्टूबर 2025 को अदालत द्वारा यह रोक हटाए जाने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्हें आज 29 अक्टूबर 2025 को माननीय विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर में पेश किया गया। (Bharat Mala Project Scam)

आगे की कार्रवाई जारी

EOW के अनुसार, प्रकरण में अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
इससे पहले 13 अक्टूबर 2025 को 10 आरोपियों (जिनमें 2 लोकसेवक शामिल हैं) के खिलाफ पहला अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी

  • बसंती घृतलहरे – तत्कालीन पटवारी, भेलवाडीह
  • दिनेश पटेल – तत्कालीन पटवारी, नायकबांधा
  • लेखराम देवांगन – तत्कालीन पटवारी, टोकरो
Back to top button
error: Content is protected !!