अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- परमाणु परीक्षण कर रहा पाकिस्तान, अमेरिका को फिर से शुरू करनी होगी टेस्टिंग
Donald Trump on Pakistan: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि पाकिस्तान परमाणु परीक्षण कर रहा है और अमेरिका को भी अपने परमाणु हथियारों की परीक्षण प्रक्रिया फिर से शुरू करनी चाहिए। ट्रंप ने कहा कि हमारे पास इतने परमाणु हथियार हैं कि दुनिया को 150 बार नष्ट किया जा सकता है। लेकिन रूस और चीन की गतिविधियों के कारण टेस्ट करना जरूरी है। जब उनसे पूछा गया कि नॉर्थ कोरिया के अलावा कोई भी देश परमाणु परीक्षण नहीं कर रहा तो ट्रंप ने दावा किया कि रूस, पाकिस्तान और चीन गुप्त रूप से परीक्षण कर रहे हैं, लेकिन दुनिया को इसकी जानकारी नहीं होती।
यह भी पढ़ें:- सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों के बढ़ते मामलों को लेकर सुनाया अहम फैसला, जल्द जारी होंगे सरकारी भवनों में खाना खिलाने के नियम
उन्होंने पहले ही पेंटागन को परमाणु हथियारों की तत्काल टेस्टिंग शुरू करने का आदेश दे दिया है। ट्रंप ने फिर से कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने बताया कि भारत और पाकिस्तान परमाणु युद्ध की कगार पर थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री खड़े होकर बोले थे कि अगर मैं बीच में नहीं आता तो लाखों लोग मारे जाते। ट्रंप ने कहा कि उनकी दखल के बाद ही दोनों देशों के बीच संघर्ष बढ़ने से रुक गया। यह दावा ट्रंप ने पहले भी कई बार किया है; अब तक उन्होंने इस बात को 70 से अधिक बार दोहराया है। पिछले हफ्ते उन्होंने यह भी दावा किया था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान पर 250% टैरिफ लगाने की धमकी दी थी, जिसके दो दिन बाद दोनों देशों ने फोन पर सीजफायर पर सहमति जताई।
ट्रंप ने चीन को दी चेतावनी
ट्रंप ने चीन को चेतावनी दी कि अगर उसने ताइवान पर हमला किया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि अगर ताइवान पर हमला हुआ तो शी जिनपिंग जानते हैं कि इसका जवाब क्या होगा। उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया कि जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, चीन ताइवान पर सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा। ट्रंप ने दावा किया कि उनके पहले कार्यकाल में चीन ने ताइवान पर हमला करने की हिम्मत नहीं की थी, क्योंकि अमेरिका की सख्त प्रतिक्रिया का डर था। ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भी तारीफ की। जब उनसे पूछा गया कि दोनों में से किससे निपटना मुश्किल है तो उन्होंने कहा कि दोनों कठिन और स्मार्ट हैं। ये लोग मजाक के लिए नहीं बैठे हैं। ये गंभीर और मजबूत नेता हैं।
ट्रंप ने परमाणु परीक्षण को ठहराया सही
वैज्ञानिकों का मानना है कि अमेरिका में पहले हुए परमाणु परीक्षणों से रेडिएशन के कारण लगभग 6.9 लाख लोगों की मौत या स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ा। 21वीं सदी में अब तक सिर्फ उत्तर कोरिया ने परमाणु परीक्षण किए हैं। ट्रंप ने अपने 3 दशक बाद के परमाणु परीक्षण के आदेश को सही ठहराया और कहा कि रूस और चीन टेस्टिंग कर रहे हैं, हमारे पास सबसे ज्यादा हथियार हैं, लेकिन हम टेस्टिंग नहीं करते। मुझे लगता है हमें भी ऐसा करना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि परीक्षण कब और कहां होगा। बस कहा कि हमारे पास टेस्टिंग साइट्स हैं, इसकी घोषणा जल्द की जाएगी। ट्रंप ने आगे कहा कि वह परमाणु निरस्त्रीकरण देखना चाहते हैं और इस बारे में रूस और चीन से बातचीत की जाएगी। अमेरिकी कांग्रेस की रिसर्च सर्विस के मुताबिक राष्ट्रपति के आदेश के बाद अमेरिका को परमाणु परीक्षण करने में लगभग 24 से 36 महीने लग सकते हैं।



