Chhattisgarh : नशे में धुत महतारी एक्सप्रेस ड्राइवर ने बीच सड़क रोकी एंबुलेंस, ग्रामीणों ने बचाई जानें
Chhattisgarh News : कोरबा जिले में संचालित महतारी एक्सप्रेस 102 एंबुलेंस सेवा की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एंबुलेंस चालक ने नशे की हालत में वाहन को बीच सड़क पर रोक दिया और खुद अंदर सो गया।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में गूंजा ‘वंदे मातरम्’- मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों के साथ किया सामूहिक गायन
घटना बलौदा मार्ग के ग्राम मुडापार की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर एंबुलेंस खड़ी देखकर जब उन्होंने पास जाकर देखा, तो चालक वाहन के अंदर बेसुध पड़ा मिला। किसी तरह उसे जगाकर ग्रामीणों ने एंबुलेंस को सड़क किनारे हटवाया। इसके बाद घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और 102 सेवा के नियंत्रण कक्ष को दी गई।
सूत्रों के मुताबिक, चालक ने स्वीकार किया कि उसने हरदीबाजार क्षेत्र में मादक द्रव्य का सेवन किया था। वह कोरबी (धतूरा) क्षेत्र में एक डिलीवरी केस लेने जा रहा था, लेकिन रास्ते में नशे के असर से गाड़ी रोककर सो गया। (Chhattisgarh News)
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग या 102 सेवा के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ग्रामीणों ने चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। (Chhattisgarh News)



