Google Analytics —— Meta Pixel

मोंथा चक्रवात के चलते छत्तीसगढ़ में तबाही, बेमौसम बारिश से हजारों एकड़ फसल बर्बाद, किसान परेशान

Damage Caused By Cyclone: चक्रवाती तूफान मोंथा के असर से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। धान की फसल कटाई के ठीक पहले आसमान से बरसे पानी ने खेतों में खड़ी तैयार फसल को चौपट कर दिया। किसान अब न सिर्फ भारी नुकसान से जूझ रहे हैं, बल्कि मुआवजे की उम्मीद में सरकारी दफ्तरों के चक्कर भी काट रहे हैं। मोंथा चक्रवात के बाद हुई बेमौसम बारिश ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में धान की तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। खेतों में तैयार फसल पानी में डूब चुकी है, बालियों का धान सड़ने लगा है और कई जगह पौधे गिर गए हैं।

यह भी पढ़ें:- बस्तर में पुलिस लिखी स्कॉर्पियो से गांजा तस्करी, 56 किलो गांजा जब्त          

जिले के 30% से ज्यादा खेतों में फसल पूरी तरह प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि नवंबर में जब कटाई शुरू होने वाली थी, तभी बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। किसानों का आरोप है कि अब तक प्रशासन की ओर से सर्वे का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वहीं कृषि अधिकारी शेर सिंह आर्मो का कहना है कि हमारे अधिकारी खेतों में सर्वे कर रहे हैं। आंकड़े मिलने के बाद किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और आरबीसी 6(4) के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। (Damage Caused By Cyclone)

बारिश ने तबाह की खरीफ की फसलें

महासमुंद में भी बेमौसम बारिश ने खरीफ की फसलें तबाह कर दी। तेज अंधड़ और लगातार बारिश से खेतों में लगी फसलें गिर गईं और उनमें कीड़े लगने लगे हैं। किसान अब नुकसान की भरपाई को लेकर परेशान हैं। फसल बीमा से भी यह नुकसान पूरा नहीं हो पा रहा है। हालांकि किसान अब रबी सीजन में डेमों में भरे पानी को नई उम्मीद की तरह देख रहे हैं। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में भी हालात गंभीर हैं। बारिश ने कटाई के लिए तैयार फसल को खराब कर दिया है। कई गांवों में खेतों में पानी भर गया है, जिससे धान सड़ने लगा है और दाने काले पड़ रहे हैं। (Damage Caused By Cyclone)

483 किसानों ने दी नुकसान की सूचना

कृषि उप संचालक राजेश भारती ने बताया कि अब तक 483 किसानों ने ऑनलाइन नुकसान की सूचना दी है। बीमा कंपनी सर्वे कर रही है और नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। कृषि विभाग के मुताबिक इस साल जिले में धान का रकबा घटा है, जबकि दलहन और तिलहन की खेती में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भी अचानक हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई खेतों में धान की फसलें गिर गई हैं और बीमारियों के प्रकोप की आशंका है। कृषि उप संचालक आशुतोष श्रीवास्तव के मुताबिक अगर मौसम ऐसा ही रहा तो नुकसान बढ़ सकता है। कुछ किस्मों के धान को नुकसान हुआ है, लेकिन अभी तक स्थिति नियंत्रण में है। जरूरत पड़ने पर किसानों को बीमा और राजस्व नियमों के तहत मुआवजा दिया जाएगा।

भूरा माहो जैसी बीमारियों का खतरा

उन्होंने यह भी चेताया कि लगातार नमी से भूरा माहो जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। सूरजपुर जिले में मोंथा चक्रवात की बारिश ने किसानों की उम्मीदें डुबो दी हैं। हजारों एकड़ में लगी धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। कई किसान कर्ज के बोझ तले दब गए हैं और अब तक प्रशासन की तरफ से कोई राहत नहीं मिली है। भटगांव इलाके में किसान आक्रोशित हैं और तात्कालिक सहायता की मांग कर रहे हैं। पखांजूर की तस्वीर और भी दर्दनाक है। मोंथा चक्रवात की बारिश से पूरा इलाका जलमग्न है। धान की फसलें सड़ने लगी हैं, कुछ खेतों में तो धान अंकुरित हो चुका है। किसानों का कहना है कि फसल तो बर्बाद हो गई, अब सरकार के समर्थन मूल्य पर क्या बेचेंगे ? (Damage Caused By Cyclone)

648 गांवों में 53,357 एकड़ धान की फसल प्रभावित

कृषि विभाग ने किसानों को आश्वस्त किया है कि सर्वे के बाद नियमानुसार राहत दी जाएगी, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कह रही है। कबीरधाम जिले में भी मोंथा चक्रवात की बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक सर्वे के मुताबिक 648 गांवों में 53,357 एकड़ धान की फसल प्रभावित हुई है। यानी करीब 22.28% क्षेत्र में नुकसान। जिले में 84 हजार किसानों ने फसल बीमा कराया है, जबकि जिनके पास बीमा नहीं है, उन्हें राजस्व विभाग से मुआवजा दिया जाएगा। हालांकि किसानों का कहना है कि अभी तक सर्वे टीम उनके खेतों तक नहीं पहुंची है।

चक्रवाती तूफान मोंथा ने मचाई तबाही

चक्रवाती तूफान मोंथा की बारिश ने छत्तीसगढ़ के लगभग हर जिले में किसानों की नींद उड़ा दी है। फसलें चौपट हैं, खेत जलमग्न हैं और किसान राहत की आस में हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासनिक सर्वे और मुआवजे की प्रक्रिया कितनी तेजी से आगे बढ़ती है। क्योंकि हर गुजरते दिन के साथ खेतों में नहीं, किसानों के दिलों में भी नमी बढ़ती जा रही है। मोंथा चक्रवात ने किसानों की मेहनत नहीं, उनकी उम्मीदें भी डुबो दी हैं। अब सवाल है कि सरकार कब तक इस नुकसान की भरपाई कर पाएगी। (Damage Caused By Cyclone)

Back to top button
error: Content is protected !!