Google Analytics —— Meta Pixel

गरियाबंद के उदंती एरिया कमेटी के 7 नक्सलियों ने डाले हथियार, छत्तीसगढ़-ओडिशा रेड कॉरिडोर हुआ खत्म

Naxalite Surrender in Gariaband:  छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, गरियाबंद जिले के उदंती एरिया कमेटी के डीवीसीएम मेंबर सुनील उर्फ मुरली समेत 7 सक्रिय नक्सलियों ने पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के सामने सरेंडर कर दिया है। साथ ही नक्सलियों ने एक SLR, तीन INSAS राइफल और एक सिंगल शॉट बंदूक भी सौंपा है। पुलिस का कहना है कि यह सरेंडर न सिर्फ गरियाबंद के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि छत्तीसगढ़ से पश्चिमी ओडिशा तक फैले नक्सल रेड कॉरिडोर का अंत अब निश्चित माना जा रहा है। सातों नक्सलियों पर करीब 37 लाख का इनाम घोषित था।

यह भी पढ़ें:- मोंथा चक्रवात के चलते छत्तीसगढ़ में तबाही, बेमौसम बारिश से हजारों एकड़ फसल बर्बाद, किसान परेशान

जानकारी के मुताबिक बीते कई महीनों से गरियाबंद, धमतरी और नुवापाड़ा सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर रखा था। लगातार फोर्स के दबाव, मुठभेड़ों में शीर्ष नक्सली नेताओं के मारे जाने और संगठन के अंदरूनी मतभेदों के चलते ये सातों नक्सली हथियार छोड़ने को मजबूर हुए। आत्मसमर्पण की प्रक्रिया में मीडिया ने भी अहम भूमिका निभाई। उदंती एरिया कमांडर सुनील और सचिव एरिना ने पहले मीडिया को अपने सरेंडर की इच्छा जताई। इसके बाद पत्रकारों की मौजूदगी में एसपी निखिल राखेचा से फोन पर बातचीत हुई, जिन्होंने उन्हें सुरक्षित आत्मसमर्पण का भरोसा दिलाया।

सरेंडर नक्सलियों की पहचान

नाम पद घोषित इनाम
सुनील उर्फ मुरली उदंती एरिया कमांडर, DVCM मेंबर 8 लाख
एरिना सचिव 8 लाख
लुद्रो कमेटी मेंबर 5 लाख
विद्या कमेटी मेंबर 5 लाख
नंदिनी कमेटी मेंबर 5 लाख
मलेश कमेटी मेंबर 5 लाख
कांती सदस्य 1 लाख

एसपी राखेचा ने कहा कि यह आत्मसमर्पण न केवल गरियाबंद बल्कि पूरे राज्य में नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक निर्णायक कदम है। अब इस क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क लगभग खत्म हो चुका है। इस आत्मसमर्पण के साथ ही छत्तीसगढ़ को पश्चिमी ओडिशा से जोड़ने वाला रेड कॉरिडोर लगभग समाप्त हो गया है। धमतरी, गरियाबंद और नुआपाड़ा जिलों को जोड़ने वाला यह इलाका नक्सलियों की डीजीएन डिवीजन कमेटी के नियंत्रण में था, जो छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र से ओडिशा के जंगलों तक नक्सली गतिविधियों की मुख्य कड़ी माना जाता था। बीते एक साल में लगातार पुलिस कार्रवाई के बाद इस डिवीजन के 28 नक्सली मारे जा चुके हैं और अब तक 37 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह रेड कॉरिडोर का व्यावहारिक अंत है, क्योंकि अब दोनों राज्यों के बीच नक्सल आवागमन के मार्ग टूट चुके हैं। आत्मसमर्पण करने वालों में कमेटी सदस्य विद्या ने बताया कि संगठन छोड़ने का निर्णय उन्होंने केंद्रीय कमेटी मेंबर रूपेश दादा की अपील के बाद लिया। उन्होंने कहा कि हम अब हथियार छोड़कर अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जीना चाहते हैं। वहीं एक अन्य नक्सली रुद्र ने बताया कि हाल की मुठभेड़ों में कई साथियों की मौत के बाद संगठन पूरी तरह बिखर गया है। खंडसारा मुठभेड़ के बाद हमारी टीम टूट गई थी। तीन महीने तक हम एक-दूसरे से संपर्क नहीं कर सके। (Naxalite Surrender in Gariaband)

पिछले एक साल में बड़े बदलाव

जनवरी 2025 से अब तक 28 नक्सली एनकाउंटर में मारे गए। 37 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। गरियाबंद जिले में अब सिर्फ 20-25 नक्सलियों के सक्रिय होने की सूचना है, जो सोनाबेड़ा और गोबरा इलाकों में सीमित हैं। पूर्व DVC मेंबर सत्यम गावड़े, CC मेंबर चलपति और मोडेम बालकृष्णन जैसे शीर्ष नक्सली पहले ही मारे जा चुके हैं। सत्यम गावड़े की मौत के बाद उसकी पत्नी ने भी हथियार डाल दिए थे। उसी के बाद सुनील को उदंती एरिया कमांडर बनाया गया था, जिसने अब आत्मसमर्पण कर दिया। 17 अक्टूबर को जगदलपुर में 210 नक्सलियों ने सामूहिक आत्मसमर्पण किया था। उनमें केंद्रीय कमेटी मेंबर रूपेश उर्फ टी. वासुदेव राव भी शामिल था। इसके बाद नक्सल संगठन ने अपने ही पूर्व साथियों को गद्दार बताया, लेकिन रूपेश ने वीडियो जारी कर जवाब दिया कि अब संघर्ष का रास्ता जनता से दूर कर चुका है, हमें नया जीवन चाहिए।

इसी तरह महाराष्ट्र में भूपति ने भी 60 साथियों के साथ हथियार डाल दिए थे। उन्होंने भी स्वीकार किया कि यह रास्ता अब जनहित का नहीं रहा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अगस्त और दिसंबर 2024 में छत्तीसगढ़ के दौरे के दौरान नक्सलियों को चेताया था कि हथियार डाल दें, नहीं तो हमारे जवान जवाब देंगे। 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा। इसी नीति के तहत छत्तीसगढ़ में ऑपरेशन और इंटेलिजेंस नेटवर्क को सुदृढ़ किया गया। गरियाबंद में हुए इस आत्मसमर्पण को उस रणनीति की जमीनी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। गरियाबंद पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत लाभ प्रदान किए जाएंगे, ताकि वे मुख्यधारा में वापस लौट सकें। (Naxalite Surrender in Gariaband)

Back to top button
error: Content is protected !!