बिहार के मजदूर की दुर्ग में पीट-पीटकर हत्या, शराब पीकर लड़ाई करने से परेशान थे साथी

Murder in Durg: दुर्ग जिले के उतई में बिहार के रहने वाले मजदूर की उसके ही साथियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक का शव डुमरडीह बस स्टैंड के पास बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में मृतक के पांच मजदूर साथियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक मृतक राहुल सिंह रजक मूल रूप से बिहार का रहने वाला था, जो उतई क्षेत्र स्थित पांडेय प्लाईवुड फैक्ट्री के आरा मिल में काम करता था। वारदात के दिन राहुल के साथियों अटल पांडेय, अक्षय कुमार, राहुल सिंह, अमरनाथ प्रजापति और अंजनी के साथ उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
यह भी पढ़ें:- गरियाबंद के उदंती एरिया कमेटी के 7 नक्सलियों ने डाले हथियार, छत्तीसगढ़-ओडिशा रेड कॉरिडोर हुआ खत्म
झगड़ा बढ़ने पर सभी ने मिलकर राहुल की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल राहुल को बस स्टैंड के पास फेंककर आरोपी फरार हो गए। शुक्रवार सुबह राहुल का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जहां शार्ट पीएम रिपोर्ट में अंदरूनी चोटों से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास के लोगों से पूछताछ की। दो चश्मदीदों ने घटना देखी थी और उन्होंने पूरी जानकारी पुलिस को दी। जांच के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। (Murder in Durg)
6 नवंबर की रात को हुआ था विवाद
एडिशनल एसपी अभिषेक झा ने बताया कि मृतक राहुल सिंह और उसका भाई सोनू रजक आरा मिल में काम करते थे, जहां सोनू ठेकेदार था। राहुल शराब पीकर अक्सर मजदूरों से झगड़ा करता था, जिसके चलते दोनों भाइयों को काम से निकाल दिया गया था। सोनू बिहार लौट गया था, जबकि राहुल वहीं ठहरा रहा। 6 नवंबर की रात राहुल फिर आरा मिल में पहुंचा, जहां मौजूद मजदूरों से उसका झगड़ा हुआ और यह झगड़ा उसकी मौत का कारण बन गया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। (Murder in Durg)



