Google Analytics —— Meta Pixel

सिकलिन टेस्ट में बड़ी लापरवाही, 13 महीने की बच्ची की दी गलत रिपोर्ट, नेगेटिव को बताया पॉजिटिव

Bishrampur CHC Negligence: सूरजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर से गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां 13 महीने की मासूम बच्ची की गलत रिपोर्ट देने से उसकी जान जोखिम में पड़ गई। मामला कुंजनगर के रहने वाले मोहम्मद मुबारक की बेटी से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक बच्ची का वजन कम होने पर परिजन उसे आंगनबाड़ी केंद्र लेकर गए थे, जहां मितानिन ने डॉक्टर को दिखाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर ले गए। तीन दिन इलाज के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को घर भेज दिया।

यह भी पढ़ें:- बिहार के मजदूर की दुर्ग में पीट-पीटकर हत्या, शराब पीकर लड़ाई करने से परेशान थे साथी

कुछ दिन बाद अस्पताल से फोन आया कि बच्ची की दोबारा जांच करानी है। जब रिपोर्ट आई तो उसमें बच्ची को सिकल सेल पॉजिटिव बताया गया। यह सुनते ही परिजन घबरा गए और संदेह के चलते पति-पत्नी दोनों की जांच करवाई। हैरानी की बात यह रही कि दोनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई। रिपोर्ट में गड़बड़ी की आशंका होने पर परिजनों ने एक प्राइवेट लैब में भी जांच करवाई, जहां बच्ची की रिपोर्ट नेगेटिव आई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने दोबारा जांच की, जिसमें भी नेगेटिव रिपोर्ट आई। इससे साफ हुआ कि पहले दी गई रिपोर्ट गलत थी। (Bishrampur CHC Negligence)

CMHO से की शिकायत

जब परिजनों ने अस्पताल के लैब कर्मचारियों से इस लापरवाही को लेकर सवाल किया तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। इससे नाराज परिजनों ने मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी यानी CMHO से लिखित शिकायत की है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले को लेकर CMHO कपिल देव पैकरा ने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जैसे अगर बच्ची का इलाज फर्जी रिपोर्ट के आधार पर किया जाता और उसे कुछ हो जाता तो जिम्मेदार कौन होता ? क्या सरकारी अस्पतालों की लैब रिपोर्ट पर अब मरीज भरोसा कर सकते हैं ? यह मामला न सिर्फ अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही पर भी गंभीर चिंतन की मांग करता है। (Bishrampur CHC Negligence)

Back to top button
error: Content is protected !!