Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली ब्लास्ट में अब तक 11 लोगों की मौत, 24 घायल, कई राज्यों में हाई अलर्ट

Delhi Blast Update: राजधानी दिल्ली सोमवार शाम दहल उठी, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ। यह धमाका शाम करीब 6:52 बजे हुआ। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 24 लोग घायल हैं, जिनका इलाज लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में जारी है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि शाम 6:52 बजे एक हुंडई i-20 कार सुभाष मार्ग पर लाल बत्ती के पास रुकी थी, जिसमें अचानक भारी विस्फोट हो गया।

यह भी पढ़ें:- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग कल, दिल्ली में ब्लास्ट के बाद हाई अलर्ट

धमाका इतना जोरदार था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट के तुरंत बाद आग लग गई, जिसे दमकल विभाग ने लगभग 7:29 बजे तक काबू में कर लिया। फायर डिपार्टमेंट के उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी ए.के. मलिक ने बताया कि शाम 6:55 बजे कॉल मिली थी। कुछ गाड़ियों में आग लगी थी, जिसे हमारी टीम ने आधे घंटे में बुझा दिया। विस्फोट के बाद इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम, क्राइम ब्रांच, NSG (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) और NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) की टीमें घटनास्थल पर जांच कर रही हैं। (Delhi Blast Update) 

पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। इंटेलिजेंस ब्यूरो लगातार गृह मंत्रालय के संपर्क में है। कमिश्नर गोलचा ने कहा कि सभी एजेंसियां जांच में लगी हैं। विस्फोट के कारणों और प्रकृति का पता लगाया जा रहा है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह आतंकी घटना है या नहीं। विस्फोट की सूचना मिलते ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। शाह रात में LNJP अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों के साथ आपात बैठक भी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने ली स्थिति की जानकारी

शाह ने कहा कि विस्फोट के 10 मिनट के भीतर दिल्ली पुलिस, NSG और NIA की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई थी। जांच के आदेश दिए जा चुके हैं। सभी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया और गृहमंत्री अमित शाह से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। गृहमंत्री और अधिकारी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। (Delhi Blast Update)

कई राज्यों में हाई अलर्ट

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में कार विस्फोट की घटना बेहद दर्दनाक और परेशान करने वाली है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि यह घटना बेहद चिंताजनक है। निर्दोष लोगों की मौत हृदयविदारक है। सरकार से आग्रह है कि दोषियों को जल्द पकड़ा जाए। धमाके के बाद केंद्र सरकार ने दिल्ली समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, पंजाब, महाराष्ट्र, केरल और उत्तराखंड में पुलिस और खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। (Delhi Blast Update)

CISF ने हवाई अड्डों, मेट्रो, सरकारी भवनों और विरासत स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। UP DGP और ADG अमिताभ यश ने सभी जिलों में अतिरिक्त गश्त और संवेदनशील इलाकों की जांच के आदेश दिए हैं। हरियाणा, बिहार और चंडीगढ़ में भी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका बहुत जोरदार था और आसपास अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक कार के पिछले हिस्से में धमाका हुआ था। प्राथमिक जांच में विस्फोटक के रूप में अमोनियम नाइट्रेट या समान रासायनिक पदार्थ के उपयोग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ यह धमाका राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां अब पूरी तरह से जांच में जुटी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!