Google Analytics —— Meta Pixel

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबरें निकली अफवाह, बेटी ईशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी ने जताई नाराजगी

Dharmendra Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (89) के निधन की खबरें मंगलवार सुबह सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में फैल गईं। हालांकि कुछ ही घंटों में उनकी बेटी ईशा देओल ने इन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि धर्मेंद्र जीवित हैं, उनकी तबीयत स्थिर है और वे रिकवरी की प्रक्रिया में हैं। ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि मीडिया पूरी तरह गलत खबरें फैला रहा है। पापा की हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं। हम सभी से निवेदन करते हैं कि हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें। पापा की जल्दी सेहतमंदी के लिए दुआ करने के लिए धन्यवाद।

यह भी पढ़ें:- Bihar Election 2025 Phase 2 Voting : बिहार में दूसरे चरण के लिए वोटिंग शुरू – सुबह से मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारें

धर्मेंद्र की पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी निधन की झूठी खबरों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा जो हो रहा है, वह माफ करने लायक नहीं है। जिम्मेदार चैनल किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहा है और ठीक हो रहा है? यह बेहद असम्मानजनक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है। कृपया परिवार और उनकी निजता की आवश्यकता का सम्मान करें। मंगलवार सुबह जब निधन की खबरें सामने आईं तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने X पर शोक जताते हुए एक पोस्ट साझा की। हालांकि बाद में उन्होंने वह पोस्ट हटा दी। जावेद अख्तर ने भी धर्मेंद्र के निधन की खबर पर शोक जताया था, लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट होने पर उन्होंने कोई नई प्रतिक्रिया नहीं दी। (Dharmendra Health Update)

 

ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं धर्मेंद्र

धर्मेंद्र को सोमवार (10 नवंबर) को सांस लेने में तकलीफ होने के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत स्थिर न होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टरों के मुताबिक अगले 72 घंटे उनके लिए क्रिटिकल हैं। देओल परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि उनकी बेटियों को विदेश से मुंबई बुलाया गया है। सोमवार रात सनी देओल को अस्पताल के बाहर भावुक स्थिति में देखा गया। वहीं बॉबी देओल ने अपनी फिल्म अल्फा की शूटिंग बीच में छोड़कर मुंबई लौट आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक शाहरुख खान, सलमान खान और कई अन्य बॉलीवुड सेलेब्रिटीज देर रात ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल पहुंचे थे।

पहले भी भर्ती हो चुके हैं धर्मेंद्र

धर्मेंद्र को 31 अक्टूबर को भी सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साथ ही उन्हें ICU में रखा गया था और पैरामीटर्स सामान्य होने पर कुछ घंटों बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसी साल की शुरुआत में धर्मेंद्र की कॉर्निया ट्रांसप्लांट सर्जरी हुई थी। उनकी बाईं आंख की कॉर्निया डैमेज हो गई थी, जिसके बाद केराटोप्लास्टी प्रक्रिया के ज़रिए उसका सफल ट्रांसप्लांट किया गया था। साल 2015 से 2020 के बीच धर्मेंद्र को कई बार पीठ दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव और कमजोरी की शिकायत रही। कई मौकों पर उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।

जल्द रिलीज होगी धर्मेंद्र की फिल्म इक्कीस

धर्मेंद्र जल्द ही फिल्म इक्कीस में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायक अरुण खेत्रपाल की कहानी पर आधारित है। फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा अरुण खेत्रपाल की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि धर्मेंद्र उनके पिता एम.एल. खेत्रपाल का किरदार निभा रहे हैं। धर्मेंद्र के निधन की खबरें पूरी तरह से झूठी और भ्रामक हैं। परिवार ने मीडिया से अपील की है कि वे अफवाहें फैलाने से बचें और अभिनेता की तेजी से रिकवरी के लिए दुआ करें। फिलहाल उनकी सेहत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। (Dharmendra Health Update)

Back to top button
error: Content is protected !!