Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली ब्लास्ट के बाद भारत-पाक सीमा पर हलचल, अमेरिका-फ्रांस-UK ने जारी की चेतावनी 

Indian Pak Border: राजधानी दिल्ली में हुए धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। धमाके के तुरंत बाद पाकिस्तान ने घबराहट में राजस्थान से सटी सीमा पर वायु सेना की पेट्रोलिंग शुरू करा दी है। वहीं पाकिस्तान के तीनों सेनाध्यक्षों ने एक आपात बैठक की। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, NSA और DG ISI के साथ देर रात तक सुरक्षा हालात की समीक्षा करते रहे। यह कदम भारत में बढ़ी सुरक्षा गतिविधियों के बीच उठाया गया है। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम करीब 7 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिसमें अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली कार ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या हुई 12, धमाके में अमोनियम नाइट्रेट और डेटोनेटर का इस्तेमाल !

गृहमंत्री शाह ने बताया कि धमाका एक i-20 कार के पिछले हिस्से में हुआ। कार हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी। पुलिस ने सलमान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसने बताया कि उसने यह कार पुलवामा के तारिक को बेची थी। सूत्रों ने बताया कि कार ब्लास्ट की प्रारंभिक जांच में इसे आतंकी हमला माना जा रहा है। यह विस्फोट फरीदाबाद में सोमवार दोपहर पकड़े गए एक मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है। जांच में सामने आया है कि धमाके में हाई इंटेंसिटी एक्सप्लोसिव और रासायनिक तत्वों का मिश्रण इस्तेमाल किया गया। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले में डॉ. मुझम्मिल और डॉ. आदिल से पूछताछ कर रही हैं। (Indian Pak Border)

भारत का सबसे बड़ा संयुक्त सैन्य अभियान

सूत्रों के मुताबिक उनकी गिरफ्तारी के बाद ही यह हमला जल्दबाजी में अंजाम दिया गया। धमाके के बाद मौके पर दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक टीम, NIA और NSG की टीमों ने पहुंचकर जांच की। गृहमंत्री अमित शाह ने मौके का जायजा लेने के बाद LNJP अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अमित शाह से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। इस बीच जैसलमेर और बाड़मेर में भारतीय सेना का युद्धाभ्यास ऑपरेशन त्रिशूल जारी है। इस दौरान पाकिस्तान सीमा से सटे हाईवे पर जगुआर फाइटर जेट को उतारा गया। साथ ही सुखोई-30 विमान ने भी इमरजेंसी एयर स्ट्रिप पर लैंडिंग की। रक्षा सूत्रों के मुताबिक यह अभ्यास ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत का सबसे बड़ा संयुक्त सैन्य अभियान है।

अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने जारी की चेतावनी

दिल्ली धमाके के बाद कई देशों ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा सलाह जारी की है। अमेरिकी दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे लाल किले और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें और हर समय सतर्क रहें। ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने भारत के कुछ हिस्सों में यात्रा न करने की एडवाइजरी जारी की है। ब्रिटिश सरकार ने अपने नागरिकों को भारत-पाकिस्तान सीमा से 10 किमी के भीतर, जम्मू-कश्मीर और मणिपुर में यात्रा से बचने को कहा है। फ्रांसीसी दूतावास ने बताया कि धमाका 10 नवंबर की शाम करीब 7 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। उसने अपने नागरिकों को सतर्क रहने और घटना स्थल से दूर रहने की सलाह दी है। धमाके के बाद दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!