Chhattisgarh Liquor Scam : पूर्व सीएम के बेटे चैतन्य बघेल की 61.20 करोड़ की संपत्ति कुर्क
ईडी ने शराब घोटाले में बड़ी कार्रवाई की, 364 प्लॉट और खेतों पर चला शिकंजा

Chhattisgarh Liquor Scam : छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की 61.20 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क (Provisional Attachment) किया है।
ईडी के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियों में 59.96 करोड़ रुपये मूल्य के 364 आवासीय भूखंड और कृषि भूमि शामिल हैं, जबकि 1.24 करोड़ रुपये की राशि फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जब्त की गई है। एजेंसी ने इस कार्रवाई को लेकर प्रेस नोट भी जारी किया है।

ईडी की जांच में सामने आया बड़ा खुलासा
ईडी ने अपने बयान में कहा कि यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई है। जांच एजेंसी ने बताया कि चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष पर तैनात थे और अपनी स्थिति का लाभ उठाते हुए गैरकानूनी धन का नियंत्रण और हिसाब-किताब रखते थे। ईडी के मुताबिक, उन्होंने इस अवैध आय (Proceeds of Crime) को अपने रियल एस्टेट कारोबार में लगाकर “कानूनी” संपत्ति के रूप में पेश किया।
रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में लगाया अवैध पैसा
ईडी ने कहा, “चैतन्य बघेल ने शराब घोटाले से प्राप्त धनराशि को अपनी कंपनी मेसर्स बघेल डेवलपर्स के तहत रियल एस्टेट प्रोजेक्ट ‘विट्ठल ग्रीन’ में निवेश किया। एजेंसी का दावा है कि यह धनराशि सीधे तौर पर अपराध से प्राप्त की गई थी और इसे वैध दिखाने के लिए परियोजनाओं में लगाया गया।
ईडी की गिरफ्तारी और पहले की कार्रवाई
ईडी ने चैतन्य बघेल को 18 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया था और फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं। इससे पहले इसी मामले में पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा, अरविंद सिंह, त्रिलोक सिंह ढिल्लों, अनवर ढेबर, अरुण पति त्रिपाठी (आईटीएस) और पूर्व मंत्री कवासी लखमा की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
215 करोड़ की पहले हुई कुर्की
ईडी ने बताया कि यह 61.20 करोड़ रुपये की कुर्की, पहले की गई 215 करोड़ रुपये की संपत्तियों की जब्ती के बाद की कार्रवाई है। एजेंसी के अनुसार, शराब घोटाले से राज्य के खजाने को भारी नुकसान हुआ है और लगभग ₹2500 करोड़ की अवैध कमाई विभिन्न लाभार्थियों तक पहुंचाई गई। (Chhattisgarh Liquor Scam)
जांच अब भी जारी
ईडी ने कहा है कि यह कुर्की “जांच के दौरान मिले सबूतों” के आधार पर की गई है और आगे की जांच जारी है। एजेंसी के अनुसार, आने वाले दिनों में और संपत्तियों की पहचान और कार्रवाई की जा सकती है। (Chhattisgarh Liquor Scam)



