बीजेपी की बिहार में प्रचंड जीत पर बोले JP नड्डा, कहा- जनता ने विकास को दिया जनादेश, जंगलराज को “NO ENTRY”

Nadda on Bihar Result:भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री JP नड्डा ने बिहार में भारी बहुमत से जीत दर्ज करने के बाद नई दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। साथ ही कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने जो प्रचंड जनादेश दिया है, उसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं की तरफ से बिहार की जनता का हार्दिक अभिनंदन और धन्यवाद करता हूं। ये नतीजे बताते हैं कि ये सुनामी है। इस सुनामी ने इस बात को स्पष्ट कर दिया है कि बिहार की जनता हो, या देश की जनता हो, आदरणीय प्रधानमंत्री जी पर सभी को अटूट विश्वास है और प्रदेश को आगे ले जाने के लिए उन्होंने विकास की राजनीति पर मुहर लगाई है।
यह चुनाव स्पष्ट रूप से विकास बनाम जंगलराज के बीच था। लोगों ने विकास पर मुहर लगाई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक सक्रिय सरकार है। डबल इंजन की सरकार को बिहार की जनता ने स्पष्ट जनादेश देकर आशीर्वाद दिया है। विकास के रोडमैप ने बिहार की धरती पर जंगलराज को नो एंट्री का स्पष्ट संदेश दे दिया है। यह चुनाव स्पष्ट रूप से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास बनाम जंगलराज के बीच मुकाबला था और जनता ने विकास के पक्ष में अपना जनादेश दिया है और उसे मंजूरी दी है। आज के नतीजों में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट देखने को मिला है। (Nadda on Bihar Result)
राष्ट्रवादी ताकतों के साथ खड़ी है जनता: नड्डा
नड्डा ने कहा कि इस चुनाव में हमें समाज के सभी वर्गों का आशीर्वाद मिला है। वहीं दूसरी ओर महागठबंधन समाज को बांटकर राजनीति कर रहा था, उनकी रणनीति समाज को खंडित और विभाजित करके शासन करने की थी। वे बिहार को बिहारियों की मदद से नहीं, बल्कि घुसपैठियों की मदद से चलाना चाहते थे। बिहार की जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया है और स्पष्ट संदेश दिया है कि बिहार की जनता राष्ट्रवादी ताकतों के साथ खड़ी है। JP नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो बहुत पहले चुनावी सभा में बताया था कि 14 नवंबर का इंतजार करें, उस दिन बिहार की जनता स्पष्ट संदेश देगी और बिहार की जनता ने स्पष्ट संदेश दे दिया है। (Nadda on Bihar Result)



