दुर्ग के जामुल में फायरिंग से हड़कंप, इवेंट मैनेजर पर जानलेवा हमला

Firing in Durg: दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र देर रात फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। बताया जा रहा है कि इवेंट मैनेजमेंट का काम करने वाले विकास प्रजापति पर अज्ञात हमलावर ने जानलेवा हमला किया। गोली सीधा विकास को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन निशाना चूक जाने से उसकी जान बच गई। हालांकि गोली उसके कान को छूकर निकल गई, जिससे उसे हल्की चोट आई है।
कैसे हुआ हमला ?
विकास प्रजापति को देर रात एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसे कैलाश नगर स्थित मंगल मार्केट में बर्थडे इवेंट देखने के बहाने बुलाया। जैसे ही विकास वहां पहुंचा, उसी समय एक अज्ञात हमलावर ने उसके ऊपर नजदीक से गोली चला दी। गोली दीवार से टकराई और पास ही फायरिंग के कई निशान बन गए। यह स्पष्ट है कि हमलावर ने एक से ज्यादा बार गोली चलाई और विकास को निशाना बनाकर उसे मारने की कोशिश की। (Firing in Durg)
यह भी पढ़ें:- RAIPUR : भड़काऊ वीडियो पर कार्रवाई: करणी सेना प्रमुख शेखावत के खिलाफ FIR दर्ज
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जामुल पुलिस टीम ने कुछ ही देर में मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके का निरीक्षण किया। दीवार पर मौजूद फायरिंग के निशान जांचे। घटनास्थल से गोली के अवशेष बरामद किए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर ली है। पीड़ित विकास प्रजापति ने पुलिस को बताया कि उसकी कुछ लोगों से पुरानी रंजिश थी और उसने कई संभावित हमलावरों के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब उन्हीं नामों के आधार पर गिरफ्तारी और जांच को आगे बढ़ा रही है। (Firing in Durg)

कई एंगल से मामले की जांच
जामुल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
छावनी सीएसपी हेम प्रकाश नायक ने बताया कि फायरिंग की घटना बेहद गंभीर है। हम हर पहलू से जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। खुलेआम गोली चलने की इस वारदात से कैलाश नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। (Firing in Durg)




