दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जोहान्सबर्ग में G20 शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

PM Modi South Africa Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह तीन दिन की दक्षिण अफ्रीका यात्रा पर रवाना हो गए। वे आज शाम करीब 5 बजे तक जोहान्सबर्ग पहुंचेंगे, जहां 20वें G20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। यह समिट पहली बार अफ्रीकी महाद्वीप पर आयोजित की जा रही है। PM मोदी 21 से 23 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका में रहेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक प्रधानमंत्री तीन प्रमुख सत्रों को संबोधित करेंगे और कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से द्विपक्षीय मुलाकातें भी करेंगी। इसके साथ ही वे इंडिया-ब्राजील-साउथ अफ्रीका देशों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें:- रायपुर में आज शाम को 32 टंकियों की जलापूर्ति बंद, भाठागांव में 12 फीट गहराई की पाइपलाइन फिर डैमेज, 8 घंटे शटडाउन
यह PM मोदी की दक्षिण अफ्रीका की चौथी आधिकारिक यात्रा है। इससे पहले वे 2016 में द्विपक्षीय दौरे पर गए थे, जबकि 2018 और 2023 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने G20 समिट में नहीं शामिल होने का ऐलान किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दक्षिण अफ्रीका में मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि वहां श्वेत किसानों पर अत्याचार किए जा रहे हैं, इसलिए कोई भी अमेरिकी अधिकारी इस समिट में शामिल नहीं होगा। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी सम्मेलन में नहीं जाने की घोषणा की थी। इस पर भारत में दक्षिण अफ्रीका के हाई कमिश्नर अनिल सूकलाल ने कहा कि G20 अब इतना बड़ा मंच बन चुका है कि एक देश के न आने से इसका काम नहीं रुकता। (PM Modi South Africa Tour)
क्या है G20 ?
G20 दुनिया की 20 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसमें यूरोपीय यूनियन, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल हैं। ये देश वैश्विक आर्थिक गतिविधियों का 85% और वैश्विक व्यापार का 75% हिस्सा रखते हैं। G20 का गठन 1999 में एशियाई आर्थिक संकट के बाद हुआ था। (PM Modi South Africa Tour)
पहले PM और राष्ट्रपति नहीं होते थे शामिल
उस समय G7 देश समझ गए थे कि दुनिया की अर्थव्यवस्था अब सिर्फ अमीर देशों से नहीं चल सकती, इसलिए भारत, चीन, ब्राजील जैसे विकासशील देशों को भी शामिल करना आवश्यक है। शुरुआत में यह वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों का फोरम था, लेकिन 2008 से इसमें देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भी शामिल होने लगे। नवंबर 2008 में वॉशिंगटन में पहला G20 लीडर्स समिट हुआ। तब से हर साल यह सम्मेलन आयोजित किया जाता है। (PM Modi South Africa Tour)



