बिलासपुर के अटल आवास में दंपती की संदिग्ध मौत, 10 साल पहले की थी लव मैरेज

Suspicious Death of Couple: बिलासपुर के भूकंप कार्यालय के पास स्थित अटल आवास में एक दंपती की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर पत्नी बिस्तर पर मृत पड़ी मिली, जबकि उसका पति पंखे से फांसी पर लटका मिला। पुलिस ने आशंका जताई है कि चरित्र संदेह के चलते पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद आत्महत्या कर ली। 24 नवंबर की दोपहर जब दंपती घर से बाहर नहीं निकले तो पास ही रहने वाली मृतका की मां रीना चिन्ना हाल जानने पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उन्होंने धक्का देकर दरवाजा खोला। अंदर घुसते ही बेटी नेहा उर्फ शिवानी तांबे को बिस्तर पर मृत देखा, जबकि पति राज तांबे पंखे से लटका मिला। यह देखकर मां बेसुध हो गई।
यह भी पढ़ें:- सरगुजा में युवक पर 15 लोगों ने किया चाकू से हमला, दुर्ग में जलभराव और सफाई व्यवस्था की शिकायत करने पर पार्षद ने महिला को पीटा
घर की दीवार पर लिपस्टिक से बड़े अक्षरों में राजेश विश्वास, उसका मोबाइल नंबर और कई आरोप लिखे मिले। दीवार पर लिखा था- राजेश विश्वास के कारण हम मर रहे हैं। पत्नी अपनी मां के मोबाइल से उससे बात करती पकड़ी गई। ऊर्जा पार्क में भी पकड़ी गई। कमरे से एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पति ने अपनी मौत के लिए राजेश विश्वास को जिम्मेदार ठहराया है। फॉरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में मृतिका के गले पर खरोंच और दबाव के निशान मिले हैं। इससे कहा जा रहा कि नेहा की गला घोंटकर हत्या की गई, इसके बाद पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। (Suspicious Death of Couple)
दंपती के बीच अक्सर होता था विवाद
टीआई प्रदीप आर्या के मुताबिक नेहा उर्फ शिवानी और राज तांबे ने 10 साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों लायंस कंपनी में सफाईकर्मी थे और उनके तीन बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक चरित्र संदेह को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और राजेश विश्वास की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं बिलासपुर के इल्यूम बार में देर रात नाइट पार्टी के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। लड़की छेड़ने को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। (Suspicious Death of Couple)
बार के बाहर मारपीट और चाकूबाजी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लड़की को छेड़ने की बात पर दोनों गुटों में कहासुनी हुई, जिसे देखते हुए बाउंसर ने सभी को बार के बाहर कर दिया। बाहर निकलते ही विवाद बढ़ गया और युवकों के दो गुट आमने-सामने भिड़ गए। इसी दौरान यश तिवारी और उसके साथियों ने चाकू से निलेश गेंदले पर हमला कर दिया। निलेश लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घायल के रिश्तेदार खेमकुमार ने बताया कि हमलावर 7 लोग थे। सबके खिलाफ FIR होनी चाहिए। घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और बार में मौजूद युवकों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हथियार भी जब्त कर लिए हैं। CSP निमितेश सिंह परिहार ने बताया कि बार के बाहर लड़की छेड़ने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। आगे की जांच जारी है।



