सरगुजा में युवक पर 15 लोगों ने किया चाकू से हमला, दुर्ग में जलभराव और सफाई व्यवस्था की शिकायत करने पर पार्षद ने महिला को पीटा

Stabbing in Surguja: सरगुजा जिले के खरसिया चौक स्थित जमजम बिरयानी होटल के पास एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक आदर्श साहू नाम का युवक बिरयानी खाने होटल पहुंचा था। तभी 12 से 15 लोगों के समूह ने उस पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के सिर पर चाकू से 6-7 बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत आदर्श साहू को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह भी पढ़ें:- डायल-112 वाहनों की बदहाली पर हाईकोर्ट सख्त, DGP से रिपोर्ट लेने के बाद मामले की होगी मॉनिटरिंग
फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं दुर्ग जिले के रिसाली क्षेत्र में मंदिर से लौट रही एक महिला को पीटने का मामला सामने आया है। घायल महिला संध्या रोजाना की तरह सुबह मंदिर जाने निकली थी। पार्षद माया यादव के घर के सामने से गुजरते समय माया और उनकी बेटी आंचल उसे गालियां दे रही थी, लेकिन संध्या इसे अनसुना करते हुए मंदिर चली गई। वापसी के दौरान पार्षद ने उसे रोककर फिर से गाली-गलौज की और धमकाया। विवाद बढ़ने पर पार्षद माया यादव और उनकी बेटी आंचल ने संध्या पर हमला कर दिया। पहले दोनों ने गाली-गलौज की, फिर धक्का-मुक्की करते हुए डंडे से पिटाई की। (Stabbing in Surguja)
भिलाई में निगम टीम पर हमला
घटना बढ़ते देख आसपास के लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सुपेला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसका इलाज जारी है। पूछताछ में सामने आया कि संध्या ने वार्ड में जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर महापौर और आयुक्त से पार्षद की शिकायत की थी। इसी बात से नाराज होकर पार्षद ने यह हमला किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, भिलाई के नेहरू नगर में नगर निगम की अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान विवाद हो गया। अवैध निर्माण हटाने गई निगम टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया और जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत के शासकीय वाहन के सामने का शीशा तोड़ दिया। (Stabbing in Surguja)
पुष्पा तिवारी पर अवैध कब्जे का आरोप
निगम को शिकायत मिली थी कि पुष्पा तिवारी नाम की महिला ने क्षेत्र में अवैध निर्माण कर रखा है। नगर निगम की ओर से उसे 6-7 बार नोटिस दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया। निगम की अतिक्रमण टीम जैसे ही कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची, कुछ लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कार्रवाई रोकने की कोशिश की। जैसे ही टीम ने अवैध निर्माण तोड़ना शुरू किया, कुछ आरोपियों ने सरकारी गाड़ी पर हमला कर शीशा तोड़ दिया। अच्छी बात यह रही कि किसी निगम अधिकारी या कर्मचारी को चोट नहीं आई। निगम ने सुपेला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



