Google Analytics —— Meta Pixel

Samvidhan Divas 2025 : संविधान दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू ने नौ भाषाओं में डिजिटल संविधान लॉन्च किया

Samvidhan Divas 2025 : संविधान दिवस के अवसर पर आज बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान सदन (पुरानी संसद) के सेंट्रल हॉल में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान भारत के संविधान का डिजिटल वर्शन नौ भारतीय भाषाओं—मलयालम, मराठी, नेपाली, पंजाबी, बोडो, कश्मीरी, तेलुगु, ओडिया और असमिया में जारी किया। साथ ही एक विशेष बुकलेट “भारत के संविधान में कला और कैलिग्राफी” का भी विमोचन किया गया।

यह भी पढ़े :- संविधान दिवस: PM मोदी बोले- अधिकारों के साथ कर्तव्य निभाना भी उतना ही जरूरी

इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा LoP मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा LoP राहुल गांधी सहित कई केन्द्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश की आत्म-गरिमा और सम्मान को मजबूत बनाया है। उन्होंने कहा:

“आज के ऐतिहासिक दिन, 26 नवंबर 1949 को, इसी सेंट्रल हॉल में संविधान सभा ने भारत के संविधान के प्रारूप को अंतिम रूप दिया था और हमने सामूहिक रूप से इसे अपनाया था। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर हमारे संविधान निर्माण के प्रमुख शिल्पकार थे।”

राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाएं, युवा, SC-ST समुदाय, किसान, मध्यम वर्ग और उभरता नया मिडिल क्लास लोकतंत्र को मजबूती दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाना देश की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।

ओम बिरला का संबोधन

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा:

“हम संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और सभी सदस्यों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनकी अद्भुत दूरदृष्टि और परिश्रम का परिणाम यह महान संविधान है, जो हर नागरिक के लिए न्याय, समानता, स्वतंत्रता और सम्मान की गारंटी देता है।”

उन्होंने कहा कि संविधान के मार्गदर्शन में भारत ने सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का वक्तव्य

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने संविधान की एकता बनाए रखने वाली भावना पर जोर देते हुए कहा:

“हमारे संविधान की आत्मा ने साबित कर दिया है कि भारत एक है और हमेशा एक रहेगा।”

उन्होंने कहा कि संविधान कमजोर वर्गों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाता है और अमृत काल में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। (Samvidhan Divas 2025)

संविधान दिवस

संविधान दिवस प्रतिवर्ष 26 नवंबर को मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को संविधान को अपनाया गया था। इसके कुछ प्रावधान उसी दिन लागू हुए थे, जबकि शेष 26 जनवरी 1950 को लागू हुए, जब भारत पूर्ण रूप से गणराज्य बना। (Samvidhan Divas 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!