Google Analytics —— Meta Pixel

भिलाई में एसआईआर सर्वे के दौरान बीएलओ पर हमला, जानिए क्या है पूरा मामला

Attack on BLO: भिलाई में एसआईआर के दौरान बूथ लेवल अधिकारी यानी BLO पर हमले का मामला सामने आया है। दरअसल, बीएलओ रूपेश कुमार जोशी सर्वे फॉर्म का वितरण कर रहे थे, तभी बापू नगर के रहने वाले जावेद हुसैन ने उन पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। घटना बूथ क्रमांक-117 पर हुई, जहां आरोपी शराब के नशे में पहुंचा और शासकीय निर्वाचन कार्य में बाधा डालते हुए बीएलओ पर हमला कर दिया। हमले के बाद घायल रूपेश जोशी को तुरंत सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जिन्हें बाद में बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें:- महतारी वंदन योजना में ई-केवायसी प्रक्रिया तेज, अगली किश्त से पहले सभी लाभार्थियों का सत्यापन जरूरी

कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह खुद अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। फिलहाल बीएलओ की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तत्काल बीएलओ के कार्य से मुक्त कर दिया गया है और उनके स्थान पर दूसरे कर्मचारी की नियुक्ति की गई है। बीएलओ की शिकायत पर खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी जावेद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, लोक सेवक को चोट पहुंचाने समेत भारतीय न्याय संहिता की कठोर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। (Attack on BLO)

बीएलओ की बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त बैठक कर बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए योजना तैयार की है। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर बूथ लेवल अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए हैं। महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मतदान केंद्र क्षेत्रों में विशेष निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। बीएलओ को पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सूचना दी जा सके और तत्काल कानूनी कार्रवाई की जा सके। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर और पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया। फेडरेशन ने आश्वस्त किया कि सभी शिक्षक एसआईआर जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को निष्ठा से पूरा करेंगे। 

Back to top button
error: Content is protected !!