महतारी वंदन योजना में बड़ी लापरवाही उजागर, मृत महिला के नाम पर जारी होती रही राशि, तीन लोगों को नोटिस
Mahtari Vandan Yojana Negligence: बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड में महिला और बाल विकास विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां के बेतो खास आंगनबाड़ी केंद्र में एक मृत महिला के नाम पर महतारी वंदन योजना की राशि एक साल तक जारी होती रही। हैरानी की बात यह है कि लाभार्थी महिला की मौत दो साल पहले हो चुकी थी। इसके बावजूद उसका नाम योजना से हटाया नहीं गया। जांच में यह बात सामने आई कि आंगनबाड़ी केंद्र में पदस्थ कार्यकर्ता सोनकुमारी ने अपनी मृत सास का नाम योजना की सूची में शामिल रखा और महिला की मौत की जानकारी विभाग को नहीं दी गई। इसके चलते मृत महिला के खाते में एक साल तक किश्त की राशि आती रही।
यह भी पढ़ें:- Mahatari Vandan Yojana : माताओं के सम्मान और सशक्तिकरण की नई कड़ी – महतारी वंदन की 22वीं किश्त जारी
मामले की जानकारी तब सामने आई, जब ग्रामीणों ने सूची में मृत महिला का नाम देखा। ग्रामीण सीधे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत की। शिकायत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और तुरंत जांच प्रक्रिया शुरू की गई। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परियोजना अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर स्मिता बेन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सोनकुमारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी को तीन दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही SDM की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई गई है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई, और गलत तरीके से हस्तांतरित राशि की रिकवरी की प्रक्रिया की जाएगी। (Mahtari Vandan Yojana Negligence)

महतारी वंदन योजना की 22वीं किश्त जारी
यह मामला न सिर्फ विभाग की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि सरकारी योजनाओं में निगरानी तंत्र की कमी को भी उजागर करता है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर सूची अपडेट होती तो करोड़ों रुपए की योजनाओं में इस तरह की गड़बड़ी से बचा जा सकता था। इधर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 22वीं किश्त का भुगतान बटन दबाकर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना माताओं-बहनों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। राशि सीधे खाते में जाने से महिलाओं को परिवार की पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा की जरूरतों में मदद मिलती है। बता दें कि 1 मार्च 2024 से योजना के शुरू होने के बाद अब तक 21 किश्तों में कुल 13,671.68 करोड़ रुपए की सहायता राशि लाभार्थियों को प्रदान की जा चुकी है।
जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें
इस माह 67,78,674 पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। इसमें 67,71,012 हितग्राहियों को 633.89 करोड़ रुपए और नियद नेल्ला नार क्षेत्र की 7,662 महिलाओं को 76.30 लाख रुपए प्रदान किए गए। इस तरह महतारी वंदन योजना की 22वीं किश्त अंतर्गत कुल 634.65 करोड़ रुपए की राशि पात्र हितग्राहियों को अंतरित की गई। एक ओर सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए योजनाएं चला रही है। वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही इन योजनाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रही है। अब बलरामपुर जिले की जांच रिपोर्ट पर निगाहें हैं कि दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है और गलत भुगतान की वसूली कैसे की जाएगी। (Mahtari Vandan Yojana Negligence)



