रायगढ़ में चाकू की नोक पर शादीशुदा महिला का अपहरण, तीन दिन तक दुष्कर्म
Woman Raped in Raigarh: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 26 साल की शादीशुदा महिला को युवक ने बंधक बनाकर तीन दिनों तक दुष्कर्म किया। आरोपी ने चाकू की नोक पर महिला को अगवा किया और उसे जान से मारने की धमकी दी।पुलिस के मुताबिक 28 नवंबर को पीड़िता घर लौट रही थी। इस बीच भगवानपुर के रहने वाले 26 साल के दीपक दास मानिकपुरी ने महिला को रोकने के लिए चाकू का उपयोग किया और उसे स्कूल के पास अगवा कर लिया। आरोपी ने पीड़िता का मुंह कपड़े से बांधकर स्कूल के बाथरूम के पीछे झाड़ियों में रातभर रखा, जहां डरा-धमकाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें:- बकरी चराने के दौरान 17 साल की नाबालिग से दुष्कर्म, 52 साल का आरोपी गोवा से गिरफ्तार
दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को भगवानपुर स्थित अपने किराए के मकान में ले गया, जहां उसे तीन दिनों तक बंधक बनाकर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान महिला के चेहरे, आंख और हाथ में गंभीर चोट आई। पीड़िता ने 1 दिसंबर को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि दीपक दास पहले महिला की सहेली से बातचीत कर रहा था, लेकिन जब सहेली ने बात करना बंद कर दिया तो उसने महिला से संपर्क साधना शुरू किया। जब महिला ने बात करने से मना किया तो आरोपी उसे परेशान करने लगा और 28 नवंबर को अगवा कर लिया। (Woman Raped in Raigarh)

महिला थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर के नेतृत्व में पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने उर्दना और भगवानपुर में लगातार छापेमारी की। 3 दिसंबर की सुबह पुलिस ने आरोपी दीपक दास को उसके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की। महिला थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर ने बताया कि पीड़िता की सूझबूझ और समय पर शिकायत दर्ज कराने की वजह से आरोपी को जल्दी पकड़ने में सफलता मिली। उन्होंने जनता से अपील की कि इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस तरह की घटनाएं समाज और परिवार के लिए गंभीर चेतावनी हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। (Woman Raped in Raigarh)



