बिलासपुर हाईकोर्ट का अहम फैसला, पत्नी की आत्महत्या की धमकी को माना मानसिक क्रूरता, कहा- पति को तलाक का अधिकार

HC on Divorce Case: बिलासपुर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने तलाक के मामले में एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि पत्नी की ओर से बार-बार आत्महत्या की धमकी देना पति के प्रति मानसिक क्रूरता के दायरे में आता है। कोर्ट ने तलाक के खिलाफ पत्नी की अपील को खारिज की। साथ ही पति को तलाक के लिए हकदार माना। मामला धमतरी जिले के एक कारोबारी से जुड़ा है, जिसकी शादी साल 2018 में कुरुद क्षेत्र की युवती से हिंदू रीतिरिवाज के मुताबिक हुई थी। शख्स का आरोप है कि शादी के समय युवती और उसके परिवार ने खुद को हिंदू बताया था, जबकि असल में वे मुस्लिम थे।
यह भी पढ़ें:- बिना पानी बहाए बहा पैसा…! नगवाही में पंप नहीं चलने पर भी आया लाखों का बिजली बिल, नल-जल योजना में गड़बड़ी
शादी के बाद दोनों के घर में एक बेटा हुआ, जो अब करीब तीन साल का है। शादी के कुछ ही हफ्तों बाद दोनों पति-पत्नी डोंगरगढ़ स्थित मां बम्बलेश्वरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में एक भैंस आ गई और दोनों गिरकर घायल हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद महिला के पिता ने दोनों को मिलने बुलाया और उन्हें अधारी नवगांव स्थित दरगाह ले गए, जहां महिला और उनके माता-पिता ने यह बताया कि दोनों पर भूत का साया है और हर गुरुवार दरगाह आने से उनके कामकाज में लाभ होगा।
बार-बार दरगाह ले जाने का आरोप
शादी के 7-8 महीने तक लगातार दरगाह जाने के बाद पति को पत्नी और ससुराल वालों के व्यवहार पर संदेह हुआ। उसे कारोबार में नुकसान हुआ और धीरे-धीरे उसे यह पता चला कि पत्नी और उसके माता-पिता मुस्लिम हैं, जिन्होंने खुद को हिंदू बताकर शादी की थी। सच्चाई सामने आने के बाद पति ने पत्नी को हर गुरुवार दरगाह नहीं ले जाने दिया और मायके जाने से भी मना किया। इसके बावजूद पत्नी लगातार अपने माता-पिता के घर जाने की जिद करती रही। इसके बाद महिला और उसके परिवार ने पति पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। (HC on Divorce Case)
महिला ने की थी आत्मदाह की कोशिश
जब पति ने इसे ठुकरा दिया तो पत्नी का व्यवहार बदल गया। उसने लगातार झगड़े शुरू कर दिए और गाली-गलौज करने लगी। 25 सितंबर 2019 को पत्नी ने पति से हुए विवाद के दौरान अपने ऊपर केरोसीन डालकर माचिस से आग लगाने की कोशिश की। पति ने उसे समय रहते बचाया। इस घटना के बाद पत्नी अपने माता-पिता के घर चली गई। पति ने अपनी पत्नी के लगातार बदलते व्यवहार, धार्मिक दबाव और आत्महत्या की धमकी के चलते न्यायालय में तलाक के लिए आवेदन किया। पहले तलाक मंजूर हो गया, लेकिन पत्नी ने हाईकोर्ट में अपील की। पत्नी का दावा था कि पति ने उसके साथ रहने से मना कर दिया और झूठे आरोप लगाए।
मानसिक पीड़ा भी क्रूरता के दायरे में: कोर्ट
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि मानसिक क्रूरता को सीधे तौर पर साबित करना आसान नहीं होता। यह सिर्फ एक मनोवैज्ञानिक अवस्था है, जो किसी के व्यवहार से उत्पन्न होती है। कोर्ट ने कहा कि बार-बार गलत बर्ताव और आत्महत्या की धमकी देने से पति-पत्नी के बीच शांति असंभव हो जाती है। कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि क्रूरता का मतलब सिर्फ शारीरिक हिंसा नहीं है, बल्कि मानसिक पीड़ा और डर पैदा करने वाला व्यवहार भी इसके दायरे में आता है। (HC on Divorce Case)
2020 से अलग रह रही है पत्नी
कोर्ट ने कहा कि पति ने पर्याप्त सबूत पेश किए हैं कि पत्नी बार-बार आत्महत्या की धमकी देती रही और एक बार तो वास्तविक प्रयास भी किया। कोर्ट ने इसे मानसिक क्रूरता माना और तलाक को सही ठहराया। साल 2020 से पत्नी अपने पति से अलग रह रही है। हाईकोर्ट ने पति के मानसिक सुरक्षा और व्यक्तिगत अधिकार को ध्यान में रखते हुए यह फैसला सुनाया। यह फैसला शादी में मानसिक क्रूरता को गंभीरता से लेने का उदाहरण है और भविष्य में ऐसे मामलों के लिए महत्वपूर्ण मिसाल बन सकता है। (HC on Divorce Case)



