Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में ड्रग नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, 80 लाख की हेरोइन के साथ 9 आरोपी गिरफ्तार, 78 से ज्यादा पैडलर्स पकड़े गए

Drug Network in Raipur: रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ लगातार चल रही मुहिम के तहत ड्रग तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाकर पुलिस ने 9 बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से करीब 80 लाख रुपए की हेरोइन बरामद की गई है। ये सभी चार अलग-अलग ड्रग नेटवर्क चलाने में शामिल थे। एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में ड्रग नेटवर्क से जुड़े 78 से ज्यादा पैडलर्स को गिरफ्तार किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर हाईकोर्ट का अहम फैसला, पत्नी की आत्महत्या की धमकी को माना मानसिक क्रूरता, कहा- पति को तलाक का अधिकार

रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में टिकरापारा क्षेत्र से हेरोइन बेचने में शामिल दो और लोगों को पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में जिबरान सैफ (25 साल) और लक्ष्मण कौशल उर्फ वीरू (32 साल) शामिल है, जिनके पास से पुलिस ने 2 मोबाइल फोन, हेरोइन तौलने की मशीन, कार, चांदी का रोल पेपर, नशा पीने में उपयोग होने वाले जले हुए नोट, एटीएम कार्ड, चेकबुक और एक देसी कट्टा बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। (Drug Network in Raipur)

मुंगेली में 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

अब तक मामले में 29 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें पंजाब का एक बड़ा तस्कर भी शामिल है। यह नेटवर्क पाकिस्तान से पंजाब और फिर रायपुर तक फैला हुआ था। अब तक 412.87 ग्राम हेरोइन जब्त की जा चुकी है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। वहीं मुंगेली पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपियों के पास से एक मोबाइल और बाइक भी जब्त की गई है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

सरोना रेलवे स्टेशन के पास हेरोइन तस्करी 

4 दिसंबर को पुलिस ने सरोना रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते में चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा था, जिसकी पहचान पंजाब के रहने वाले बघेल सिंह के रूप में हुई थी। उसके पास से 51.85 ग्राम हेरोइन जब्त की गई थी, जिसकी कीमत 5 लाख 23 हजार रुपए आंकी गई है। आमानाका थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं 2 दिसंबर को धमतरी पुलिस ने सुंदरगंज वार्ड स्थित डागा धर्मशाला के पास से दो युवकों को ड्रग्स के साथ रंगे हाथों पकड़ा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाहिर खत्री और मंदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 2.4 ग्राम हेरोइन, 2 मोबाइल फोन, सिल्वर फॉयल, लाइटर, नकदी समेत कुल 68 हजार 030 रुपए का सामान जब्त किया था।  

Back to top button
error: Content is protected !!