Google Analytics —— Meta Pixel

ट्रंप के युद्ध खत्म करने के दावे के बीच एशिया में फिर सुलगा थाईलैंड-कंबोडिया का पुराना विवाद, पढ़ें पूरी खबर

Thailand Cambodia Dispute: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी के साथ केनेडी सेंटर ऑनर्स कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि उनकी टैरिफ पॉलिसी देश की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसी के चलते उन्होंने 10 महीनों में 8 युद्ध खत्म किए। यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका का सुप्रीम कोर्ट यह तय करने वाला है कि ट्रम्प ने राष्ट्रपति पद के अधिकारों का गलत इस्तेमाल करते हुए बड़े पैमाने पर टैरिफ लगाए या नहीं। राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रम्प ने कई पुराने टैरिफ दोबारा लागू किए और नए टैरिफ भी जोड़े, जिससे इलेक्ट्रिक सामान, लकड़ी और घरेलू उपकरणों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई।

यह भी पढ़ें:- भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना-पलाश मुछाल की शादी कैंसिल, दोनों ने इंस्टाग्राम पर तोड़ी चुप्पी

कई उद्योग संगठनों ने इसे गलत बताते हुए कहा कि ट्रंप ने इमरजेंसी कानून का दुरुपयोग किया है। अगर कोर्ट इस पॉलिसी को गलत ठहराता है तो ट्रेजरी सेक्रेटरी ने टैरिफ लागू करने के लिए वैकल्पिक प्लान तैयार किया है। इधर, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद एक बार फिर हिंसक हो गया है। जानकारी के मुताबिक थाई सेना ने सोमवार सुबह कंबोडियाई ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। थाईलैंड का कहना है कि कंबोडिया सीमा पर भारी हथियार जमा कर रहा था, जिसके चलते कार्रवाई करनी पड़ी। (Thailand Cambodia Dispute)

यह हमला तब हुआ है, जब कुछ महीने पहले ही यानी 27 जुलाई 2025 को डोनाल्ड ट्रम्प की मौजूदगी में दोनों देशों के बीच शांति समझौता हुआ था। इससे पहले भी सीमा पर पांच दिन चली लड़ाई में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। कंबोडिया ने थाई आरोपों को झूठा बताया और कहा कि वह विवाद शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाना चाहता है, लेकिन थाई सेना उकसावे वाली गतिविधियां कर रही है। हिंसा की वजह से सीमा के आसपास रहने वाले हजारों लोग घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। थाई सरकार ने दावा किया है कि उसने 70% नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।

दोनों देशों के बीच विवाद का केंद्र प्राचीन प्रीह विहियर (प्रिय विहार) और ता मुएन थॉम मंदिरों का क्षेत्र है। 1962 में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने प्रीह विहियर मंदिर को कंबोडिया का हिस्सा माना। 2008 में मंदिर को यूनेस्को हेरिटेज घोषित किए जाने के बाद तनाव बढ़ा। 2013 में कोर्ट ने साफ किया कि मंदिर और आसपास का क्षेत्र कंबोडिया का है और थाई सेना को हटने को कहा। इसके बावजूद सीमांकन को लेकर विवाद अब भी जारी है। ऐतिहासिक रूप से यह क्षेत्र खमेर और सियाम साम्राज्यों के टकराव का हिस्सा रहा है। (Thailand Cambodia Dispute)

Back to top button
error: Content is protected !!