पाकिस्तान के CDF बनते ही आसिम मुनीर ने भारत को दी चेतावनी, कहा- हमला हुआ तो पहले से ज्यादा कड़ा जवाब देंगे

Asim Munir on India: पाकिस्तान के नए चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने सोमवार को रावलपिंडी के GHQ में पदभार संभाला। इस दौरान उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पद ग्रहण समारोह में तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। अपने पहले संबोधन में मुनीर ने सीधे भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में अगर पाकिस्तान पर कोई हमला हुआ तो उसका जवाब पहले से भी ज्यादा तेज और कड़ा होगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक शांतिपूर्ण राष्ट्र है, लेकिन उसकी क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता को परखने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी।
यह भी पढ़ें:- भारत पर ‘टैरिफ बम’ फोड़ने की तैयारी, भारतीय चावल पर भारी शुल्क लगा सकते हैं ट्रंप
मुनीर ने कहा कि युद्ध का दायरा अब बदल चुका है। लड़ाइयां अब साइबरस्पेस, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्पेक्ट्रम, स्पेस, इन्फॉर्मेशन वॉर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग तक फैल चुकी हैं। पाकिस्तान की फोर्सेज को इन नई चुनौतियों के मुताबिक खुद को ढालना होगा। मनीर ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन के अनुभव भविष्य की सैन्य रणनीतियों के लिए एक महत्वपूर्ण केस स्टडी साबित होंगे। 4 दिसंबर को पाकिस्तान सरकार ने मुनीर को एकसाथ CDF और चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) नियुक्त किया था। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने नियुक्ति को मंजूरी दी थी। उनका कार्यकाल पांच साल का होगा।
संविधान संशोधन के बाद बनी नई व्यवस्था
मुनीर पाकिस्तान के पहले सैन्य अधिकारी हैं, जिन्हें दोनों पद एकसाथ मिले हैं। उन्हें इसी साल फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत किया गया था। पाकिस्तानी संसद ने 12 नवंबर को 27वां संवैधानिक संशोधन पास किया था, जिसके तहत चेयरमैन जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (CJCSC) की जगह नया CDF पद बनाया गया। इस संशोधन के बाद मुनीर को पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की कमान भी मिल गई है। इससे वे देश के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति बन गए हैं। पाक-अफगान तनाव को लेकर कहा कि काबुल के तालिबान शासन को पाकिस्तान और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) में से एक को चुनना होगा। (Asim Munir on India)
तीनों सेनाओं को एक मंच पर लाने की तैयारी
सरकार ने पिछले साल प्रतिबंधित TTP को ‘फितना अल-खवारिज’ के रूप में अधिसूचित किया था, जो इस्लामी इतिहास के एक हिंसक समूह का संदर्भ है। समारोह में मुनीर ने नए डिफेंस फोर्सेज हेडक्वार्टर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य थलसेना, वायुसेना और नौसेना की क्षमताओं को एकजुट करना है, ताकि मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस को और मजबूत किया जा सके। मुनीर ने कहा कि यह मुख्यालय तालमेल तो बढ़ाएगा, लेकिन तीनों सेनाएं अपनी संगठनात्मक संरचना और स्वायत्तता बनाए रखेंगी। मुनीर अगले पांच साल तक CDF और आर्मी चीफ दोनों पद संभालेंगे। (Asim Munir on India)



