Google Analytics —— Meta Pixel

भारत पर ‘टैरिफ बम’ फोड़ने की तैयारी, भारतीय चावल पर भारी शुल्क लगा सकते हैं ट्रंप

America New Tariff Plan : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि उनका प्रशासन विदेशी कृषि उत्पादों पर नए आयात शुल्क (टैरिफ) लगाने पर विचार कर रहा है, जिसमें भारतीय चावल और कनाडा से आने वाले उर्वरक भी शामिल हैं। व्हाइट हाउस में किसानों के साथ आयोजित बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि विदेशी सस्ते उत्पाद अमेरिकी बाजार और किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं।

यह भी पढ़े :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ का अधिवेशन सम्पन्न, नई कार्यकारिणी का गठन

बैठक किसानों के लिए घोषित 12 अरब डॉलर के राहत पैकेज के दौरान आयोजित की गई, जहां कई किसान अमेरिकी बाजार में कम कीमत पर उपलब्ध विदेशी चावल को लेकर अपनी नाराज़गी व्यक्त कर रहे थे।

विदेशी सस्ते चावल से अमेरिकी किसान परेशान

बैठक में लुइसियाना स्थित केनेडी राइस मिल की सीईओ मेरिल केनेडी ने दावा किया कि भारत, थाईलैंड और चीन अमेरिकी बाजार में सस्ते दाम पर चावल भेज रहे हैं, जिससे घरेलू किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से चीन प्यूर्टो रिको में बड़ी मात्रा में चावल भेज रहा है, जिसकी वजह से वहां अब अमेरिकी चावल की सप्लाई लगभग बंद हो चुकी है।

केनेडी ने कहा, “दक्षिणी राज्यों के किसान बुरी तरह प्रभावित हैं। हमें सख्त कदम उठाने की जरूरत है।”

इस पर ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि कोई देश डंपिंग कर रहा है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को निर्देश दिया कि संबंधित देशों की सूची तैयार की जाए।

कनाडा के उर्वरक पर भी नजर

ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि कनाडा से आयातित उर्वरक पर भी भारी टैरिफ लगाया जा सकता है, ताकि घरेलू उत्पादकों को बढ़ावा मिले। यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब भारत और कनाडा, दोनों ही अमेरिका के साथ व्यापारिक समझौते को आगे बढ़ाने की कोशिश में लगे हुए हैं, लेकिन हाल के महीनों में वार्ताएं धीमी पड़ी हैं।

10–11 दिसंबर को भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता

इस बीच, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) के उप प्रमुख रिक स्विट्जर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 10 व 11 दिसंबर को भारत के साथ व्यापारिक वार्ता फिर शुरू करेगा। इस बैठक में बायलैटरल ट्रेड एग्रीमेंट (BTA) की दिशा में प्रगति करने की कोशिश की जाएगी। (America New Tariff Plan)

भारत की ओर से वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष के अंत तक समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने के प्रयास में है। (America New Tariff Plan)

Back to top button
error: Content is protected !!