5 लाख को 2.5 करोड़ बनाने का झांसा, तांत्रिक क्रिया के दौरान 3 लोगों की संदिग्ध मौत

Three Deaths in Korba: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तंत्र-मंत्र के अनुष्ठान के दौरान तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना बुधवार देर रात की है। तीनों की लाश उरगा थाना क्षेत्र के बरबसपुर में स्थित एक स्क्रैप यार्ड में मिली है, जिनकी पहचान स्क्रैप व्यवसायी अशरफ मेमन, डेयरी कारोबारी सुरेश साहू और दुर्ग के रहने वाले नीतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को तीनों के शव एक ही कमरे में संदिग्ध हालत में मिले। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है। यार्ड को फोरेंसिक टीम ने सील कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- तेलंगाना में इंजीनियरिंग स्टूडेंट की हत्या, गर्लफ्रेंड के परिवार ने क्रिकेट बैट से पीटा, दूसरे दिन मौत
जांच में सामने आया है कि बिलासपुर के रहने वाले तांत्रिक राजेंद्र कुमार अपने तीन साथियों के साथ बुधवार रात कोरबा पहुंचा था। उसने दावा किया था कि तांत्रिक क्रिया से 5 लाख रुपए को 2.5 करोड़ रुपए में बदल देगा, जिसे आपस में बांटने की योजना थी। पुलिस अब तक 5 लोगों को हिरासत में ले चुकी है, जिनमें तांत्रिक राजेंद्र भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक रात करीब 11 बजे तांत्रिक क्रिया शुरू हुई। राजेंद्र ने तीनों को अलग-अलग कमरे में बुलाया, उन्हें नींबू पकड़ाया, जमीन पर रस्सी से घेरा बनाया और कमरे में बंद कर दिया। उसने कहा कि कमरे को 30 मिनट से एक घंटे बाद खोला जाएगा। जब ताला खोला गया तो तीनों बेहोश पड़े मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

राजेंद्र के साथ आए साथी अश्वनी कुर्रे ने बताया कि तीनों की अचानक हुई मौत के बारे में उसे कुछ पता नहीं है। घटना के बाद तांत्रिक राजेंद्र मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मृतक सुरेश साहू की पत्नी गुड़िया देवी ने बताया कि बिलासपुर के रहने वाले संजय साहू पिछले कई दिनों से पैसों के लिए दबाव बना रहा था। रात 12 बजे वे सुरेश को घर से लेकर गए। आखिरी बार रात 3 बजे बात हुई थी। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि शुरुआती तौर पर जहरखुरानी का शक है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चल सकेगा। (Three Deaths in Korba)
वारदात का पूरा घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक बैगा राजेंद्र ने पहले नीतीश पर तांत्रिक क्रिया का डेमो किया। नीतीश कुछ देर बाद बेहोश होकर उठ गया, जिससे सभी का भरोसा बढ़ गया। इसके बाद बैगा ने तीनों के मुंह में नींबू रखा। गले में नारियल लटकाया और रस्सी से जोर से खींचा। उसने कहा कि रस्सी जितनी जोर से खींचोगे, उतना रुपया बरसेगा। एक-एक कर तीनों बेहोश हो गए। सबसे पहले नीतीश बेहोश हुआ। इसके बाद अशरफ और सुरेश भी बेहोश हो गए। दो घंटे तक कोई बाहर नहीं आया तो अशरफ का बेटा शाहिद दरवाजा तोड़कर अंदर गया। तीनों जमीन पर बेहोश हालत में मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मौत का संभावित कारण
- गला दबने यानी रस्सी खींचने से दम घुटना
- जहर या नशीले पदार्थ का सेवन
- किसी तरह की साजिश
पुलिस ने सभी एंगल से शुरू की जांच
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि घटना में कई लोग शामिल थे। पुलिस के लिए बड़ी चुनौती यह है कि क्या यह केवल तंत्र-मंत्र का धोखा था ? या पैसों के लिए सुनियोजित हत्या ? मौत की वजह तांत्रिक क्रिया, दम घुटना या जहरखुरानी ? पुलिस इन सभी पहलुओं पर काम कर रही है। अब देखना होगा कि जांच में क्या निकलकर आता है। हालांकि लोगों को ऐसे अंधविश्वास से बचना चाहिए। (Three Deaths in Korba)



