छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा पर बड़ा सड़क हादसा, 9 लोगों की मौत, कई घायल

Accident in Andhra Pradesh: छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश की सीमा पर स्थित मारेडमिल्ली घाट में एक यात्री बस गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तुरंत भद्राचलम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक बस अरकू से रायालसीमा चिंतूर जा रही थी। सुबह के समय घाटी मार्ग पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गिर पड़ी। हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे।
यह भी पढ़ें:- 5 लाख को 2.5 करोड़ बनाने का झांसा, तांत्रिक क्रिया के दौरान 3 लोगों की संदिग्ध मौत
बस गहरी झाड़ियों में जाकर फंस गई थी। कई यात्री सड़क पर गिर गए, जहां शव और यात्रियों का सामान बिखरा पड़ा मिला। हादसे के तुरंत बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को निकाला। ASR कलेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना चिंटूरू-भद्राचलम घाट रोड पर हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। वहीं 6 दिसंबर की रात छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में NH-43 पतराटोली के पास एक i-20 कार और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर में 5 दोस्तों की मौत हो गई थी। हादसा मनोरा थाना क्षेत्र के मेले से लौटते समय हुआ। (Accident in Andhra Pradesh)

बढ़ते सड़क हादसे चिंता का कारण
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 2023 में 4 लाख 64 हजार 29 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई। इनमें 1 लाख 73 हजार 826 लोगों की मौत हुई। जबकि 4 लाख 47 हजार 969 लोग घायल हुए। ओवर-स्पीडिंग और लापरवाह ड्राइविंग दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। जबकि बाइक और छोटे वाहनों पर हादसे ज्यादा होती हैं। सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं शाम 6 से 9 बजे के बीच दर्ज हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं देश में सड़क सुरक्षा की गंभीर कमी को उजागर करती हैं। यातायात नियम लागू करने, हेलमेट और सीटबेल्ट अनुपालन बढ़ाने, बेहतर सड़क बुनियादी ढांचा और रेस्क्यू सेवाओं का समय पर पहुंचने से इन आंकड़ों को सुधार सकता है।



