Google Analytics —— Meta Pixel

कवर्धा में सेप्टिक टैंक से मिला नवविवाहिता का शव, 6 महीने पहले हुई थी लव मैरिज, ससुर पर हत्या का शक

Dead Body of Newlywed: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के बांधाटोला गांव में एक नवविवाहिता का शव उसके ही घर के सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ है। ग्रामीणों ने अचानक तेज बदबू आने पर इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। मृतिका की पहचान 22 साल के कामिनी निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक कामिनी निषाद ने करीब 6 महीने पहले गांव के ही भोजराज पटेल से लव मैरिज की थी।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा पर बड़ा सड़क हादसा, 9 लोगों की मौत, कई घायल

जुलाई 2025 में शादी के बाद वह पति के घर में रह रही थी। बताया जा रहा है कि इस शादी से भोजराज का परिवार खुश नहीं था। शादी के दो महीने बाद यानी सितंबर में कामिनी अचानक गायब हो गई। पति भोजराज ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिर में उसने 7 नवंबर को पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। पुलिस इस मामले में पहले से ही जांच कर रही थी। इस बीच गुरुवार को घर के सेप्टिक टैंक से अचानक तेज दुर्गंध आने लगी। बदबू दूर तक फैलने पर परिवार और ग्रामीणों को शक हुआ। (Dead Body of Newlywed)

भीड़ जुटते ही पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सेप्टिक टैंक की जांच की। जांच के दौरान टैंक के अंदर एक शव दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। वह काफी हद तक डिकंपोज हो चुका था। शव की पहचान कामिनी निषाद के रूप में की गई। ग्रामीणों ने मृतिका के ससुर जहर पटेल पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के सभी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ होगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!