CG Vidhan Sabha Winter Session : अनुपूरक बजट पर सदन में तीखी बहस, चंद्राकर–राघवेंद्र आमने-सामने
CG Vidhan Sabha Winter Session : छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान अनुपूरक बजट की मांगों पर चर्चा के समय सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने एक-दूसरे के आरोपों का जवाब देते हुए सरकार की नीतियों, बजट की दिशा और वित्तीय स्थिति पर जमकर बहस की।
चंद्राकर बोले – अब तक का सबसे बड़ा अनुपूरक बजट
सत्ता पक्ष की ओर से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के इतिहास का सबसे बड़ा अनुपूरक बजट है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व व्यय बढ़ाने की शुरुआत पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में हुई, जबकि कांग्रेस ने धान खरीदी जैसे विषय को राजनीतिक रंग दिया।
यह भी पढ़े :- राजधानी में धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश? पुलिस जांच में जुटी
चंद्राकर ने कहा कि राज्य में नए क्षेत्रों में रोजगार सृजन की आवश्यकता है और ऐसे उद्योगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जिनसे छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ियों का सीधा हित जुड़ा हो।
पर्यटन और एयरपोर्ट विकास पर दिया जोर
उन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की जरूरत बताते हुए सुझाव दिया कि दिल्ली स्थित विभिन्न देशों के दूतावासों के अधिकारियों को राज्य की संस्कृति और पर्यटन से परिचित कराया जाए। साथ ही उन्होंने बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग भी रखी।
कृषि और महिला स्व-सहायता समूहों का मुद्दा
कृषि क्षेत्र पर जोर देते हुए चंद्राकर ने कहा कि कृषि आज भी रोजगार का सबसे मजबूत आधार है, लेकिन राज्य के कृषि अनुसंधान केंद्रों को पर्याप्त संसाधन नहीं मिल पा रहे हैं, जिस पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों की अवधारणा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की देन है, जिससे कुटीर और पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा मिला और महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुईं। चंद्राकर ने यह भी बताया कि राज्य की 42 प्रतिशत से अधिक आबादी एससी-एसटी वर्ग की है और वर्तमान सरकार उनके हित में निरंतर बेहतर कार्य कर रही है।
राघवेंद्र का पलटवार— कर्ज में डूब रहा प्रदेश
विपक्ष की ओर से कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है, ऐसे में वित्तीय वर्ष के अंतिम तीन महीनों में 35 हजार करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट की मांग समझ से परे है। उन्होंने कहा कि इस बजट में कोई स्पष्ट विजन या दिशा नजर नहीं आती।
महिलाओं और किसानों के मुद्दे उठाए
राघवेंद्र सिंह ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं, लेकिन बिजली बिल के रूप में उससे अधिक राशि वसूली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों की बजाय इवेंट मैनेजमेंट पर ज्यादा ध्यान दे रही है—कार्यक्रम अधिक हो रहे हैं, लेकिन जमीनी काम कम दिख रहा है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि अनुपूरक बजट में नई भर्तियों, अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण और किसानों से जुड़े वादों को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने दावा किया कि लगभग 5 प्रतिशत किसानों का पंजीयन अब तक नहीं हुआ और कई किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा। (CG Vidhan Sabha Winter Session)
गिरदावरी जैसे महत्वपूर्ण कार्य अनुभवहीन कर्मचारियों से कराए जाने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सड़क, धान, आदिवासी, किसान, युवा और महिलाओं के विकास के लिए सरकार को स्पष्ट लक्ष्य तय कर काम करना होगा। (CG Vidhan Sabha Winter Session)



