घने कोहरे में सड़क सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी, एक्सप्रेसवे पर हुई थी 15 लोगों की मौत

Advisory on Road Safety: उत्तर भारत में यमुना एक्सप्रेसवे, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण हुए भीषण सड़क हादसों में कई लोगों की जान चली गई है। इन दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ परिवहन आयुक्त की ओर से राज्यभर के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। यात्री बस संचालकों और व्यावसायिक वाहन चालकों से अपील की गई है कि घने कोहरे में वाहन चलाना अत्यंत जोखिम भरा होता है।
यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत-इथियोपिया संबंधों को मिली नई ऊंचाई
कोहरे में वाहन चलाना मानो आंखों पर पट्टी बांधकर गाड़ी चलाने जैसा है, इसलिए विशेष सावधानी बरतना अनिवार्य है। परिवहन आयुक्त की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार कोहरे में वाहन चलाते समय गति कम रखें और हेडलाइट हमेशा चालू रखें। हेडलाइट को लो बीम मोड पर ही रखें, क्योंकि हाई बीम कोहरे में दृश्यता को और कम कर देती है। जिन वाहनों में फॉग लैंप उपलब्ध हैं, उन्हें अवश्य चालू करें। कोहरे में न केवल स्वयं को दिखाई देना जरूरी है, बल्कि दूसरों को दिखाई देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। कोहरे के दौरान डिफॉस्टर और विंडस्क्रीन वाइपर का उपयोग करें, वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखें। (Advisory on Road Safety)

लेन अनुशासन का पालन करते हुए ओवरटेक करने से बचें। अगर परिस्थितियां अत्यधिक प्रतिकूल हों और वाहन चलाना संभव न हो तो वाहन को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर इंडिकेटर लाइट चालू रखें। सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे जारी की गई एडवाइजरी का सख्ती से पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और जन-जीवन सुरक्षित रह सके। (Advisory on Road Safety)

बता दें कि मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर धुंध-कोहरे के कारण 8 बसें और 3 कारें टकरा गई थी। गाड़ियों में आग लगने से 13 लोगों की जलकर मौत हो गई और 70 घायल हुए, जिनका इलाज जारी है। वहीं उत्तर प्रदेश के हापुड़ में अनवरपुर के पास घने कोहरे और कम विजिबिलिटी की वजह से 6 गाड़ियां टकरा गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। देश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छा रहा है। UP में पिछले 5 दिन में कोहरे के कारण अलग-अलग सड़क हादसों में 110 गाड़ियां आपस में टकरा चुकी हैं, जिसमें 15 लोगों की मौत हुई है।



