झीरम हमले पर नड्डा के बयान से गरमाई सियासत, भूपेश बघेल ने बताया शहादत का अपमान

Bhupesh Baghel on Nadda: छत्तीसगढ़ में साय सरकार के दो साल पूरे होने पर जांजगीर-चांपा जिले में ‘जनादेश परब’ का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नक्सलियों से समझौता किया। नड्डा ने आगे कहा कि झीरम हमले की साजिश में उनके ही लोग शामिल थे, जिन्होंने नेताओं का लोकेशन बताया। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए नड्डा पर झूठ फैलाने और झीरम घाटी हमले में शहीद हुए नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में युवाओं का महाकुंभ, 23–25 दिसंबर तक राज्य युवा महोत्सव, मुख्यमंत्री साय करेंगे शुभारंभ
भूपेश बघेल ने लिखा- भाजपा के पर्ची राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ आकर झीरम की घटना में जान गंवाने वाले शहीदों का अपमान किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने मांग की कि नड्डा के दावों की जांच हो और NIA समेत सुरक्षा एजेंसियां उनसे उनके आरोपों के सबूत मांगे। उन्होंने कहा कि नक्सली हमले में कांग्रेस ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं को खोया है और ऐसे में सांठगांठ का आरोप लगाना शहादत का अपमान है। बघेल ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस सरकार के दौरान झीरम हमले की साजिशकर्ताओं की पहचान की मांग की जा रही थी, तब भाजपा ने अदालतों में याचिकाएं लगवाकर जांच को क्यों रोका। (Bhupesh Baghel on Nadda)
उन्होंने यह भी पूछा कि अब जब कथित हमलावर हिरासत में हैं तो क्या उनसे साजिश के संबंध में पूछताछ की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस हमेशा नक्सलवाद के खिलाफ रही है और नक्सलवाद के कमजोर होने का रास्ता कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तैयार किया गया। बघेल ने आरोप लगाया कि 15 सालों तक भाजपा की सरकार रहने के बावजूद नक्सलवाद समाप्त नहीं हुआ, बल्कि उस दौर में बड़े पैमाने पर हिंसा, जनसंहार और आदिवासियों का विस्थापन हुआ। इस मुद्दे पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी नड्डा के बयान का कड़ा विरोध किया। (Bhupesh Baghel on Nadda)
उपाध्याय ने भी किया नड्डा पर पलटवार
उपाध्याय ने कहा कि झीरम घाटी की घटना के समय प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और परिवर्तन यात्रा के दौरान कांग्रेस ने लगातार सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। उपाध्याय ने कहा कि उस हमले में कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं को खोया, जिसे पार्टी कभी नहीं भूल सकती। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने अपने पांच सालों के कार्यकाल में नक्सलवाद को खत्म करने के लिए ठोस और गंभीर कदम उठाए। कांग्रेस का कहना है कि नक्सलवाद के खिलाफ वास्तविक और प्रभावी योजना कांग्रेस ने ही बनाई, जबकि भाजपा सिर्फ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप कर रही है।
कब और कैसे हुआ था झीरम कांड ?
झीरम घाटी कांड 25 मई 2013 को हुआ था, जब कांग्रेस पार्टी की परिवर्तन यात्रा बस्तर से लौट रही थी। इसी दौरान नक्सलियों ने पहले पेड़ों को गिराकर सड़क जाम की, जैसे ही कांग्रेस नेताओं का काफिला रुका, नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग और बम विस्फोट किए। हमला पूरी तरह सुनियोजित घात लगाकर (एम्बुश) किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था उस समय अपर्याप्त बताई गई, जिससे नुकसान और बढ़ा। इस हमले में कुल 27 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें नंदकुमार पटेल (तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष), महेंद्र कर्मा (वरिष्ठ कांग्रेस नेता, परिवर्तन यात्रा के सूत्रधार), विद्या चरण शुक्ल (पूर्व केंद्रीय मंत्री), कई कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और सुरक्षाकर्मी शामिल थे। यह हमला छत्तीसगढ़ के इतिहास के सबसे बड़े और सबसे भयावह नक्सली हमलों में गिना जाता है। आज भी झीरम घाटी कांड बहसों का केंद्र बना रहता है।
इनकी गई थी हमले में जान




