Google Analytics —— Meta Pixel

कांकेर बवाल को लेकर सियासी घमासान, धर्मांतरण के पीछे विदेशी ताकतों की साजिश का आरोप

Politics on Kanker incident: कांकेर जिले के आमाबेड़ा में शव दफनाने को लेकर हुए विवाद के विरोध में कल पूरे छत्तीसगढ़ में बंद का आह्वान किया गया है। इस बंद को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सर्व समाज की ओर से बंद की घोषणा की गई है। वहीं चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भी बंद को समर्थन देने का ऐलान किया है। इस पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने बड़ा बयान दिया है। साथ ही कहा कि कुछ लोग धर्मांतरण के माध्यम से समाज पर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ किसी एक वर्ग या क्षेत्र की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे समाज से जुड़ा विषय है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर काम करना होगा।

यह भी पढ़ें:- कांकेर में बवाल के बाद SP का ट्रांसफर, चर्च लीडर महेंद्र बघेल ने की धर्म वापसी

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बंद और चेंबर ऑफ कॉमर्स के समर्थन पर सवाल उठाए हैं। बघेल ने कहा कि कांग्रेस जबरन धर्मांतरण के पूरी तरह खिलाफ है, इसमें किसी को भी संदेह नहीं होना चाहिए, लेकिन इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सर्व समाज का बंद और चेंबर का समर्थन यूं ही नहीं है, इसके पीछे भी कुछ न कुछ कारण जरूर होंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ 24 घंटे का ही बंद क्यों, जितना समय बंद करना हो कर लें, लेकिन असली मुद्दा समाधान निकालना है। (Politics on Kanker incident)

बस्तर में अंतरराष्ट्रीय साजिश की आशंका

इधर, बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांकेर की घटना को लेकर बस्तर में अंतरराष्ट्रीय साजिश की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के जरिए भारतीय संस्कृति और बस्तर पर सुनियोजित हमला किया जा रहा है। इसके पीछे विदेशी ताकतें और अंतरराष्ट्रीय साजिश है। उनका कहना है कि यह सिर्फ स्थानीय विवाद नहीं, बल्कि इसके पीछे गहरी साजिश हो सकती है। इस पर PCC चीफ दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी है। बैज ने कहा कि सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास सभी तरह की जांच एजेंसियां मौजूद हैं, अगर सच में विदेशी ताकतें इस तरह की साजिश कर रही हैं तो सरकार को ठोस सबूतों के साथ इसे सार्वजनिक करना चाहिए।

आदिवासी नेता ने भी जताई चिंता

वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ आदिवासी नेता अरविंद नेताम ने भी बस्तर में आदिवासियों के धर्मांतरण पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कांकेर के आमाबेड़ा में हुई हिंसा के पीछे भीम आर्मी की भूमिका पर शक जताया। अरविंद नेताम ने कहा कि कुछ दिन पहले भीम आर्मी के मुखिया का विदेश दौरा भी हुआ था, ऐसे में पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। कांकेर की घटना और धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर जहां बंद को लेकर समर्थन और विरोध के स्वर उठ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सरकार से इस पूरे मामले पर ठोस कार्रवाई और समाधान की मांग भी की जा रही है। (Politics on Kanker incident)

Back to top button
error: Content is protected !!