Google Analytics —— Meta Pixel

धीरेंद्र शास्त्री के बयान से भड़के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कहा- वो ढोंगी हैं, सिर्फ पैसा बटोरने आते हैं

Bhupesh on Dhirendra Shastri: छत्तीसगढ़ के भिलाई में चल रही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पांच दिवसीय हनुमंत कथा के दौरान सियासी तापमान अचानक बढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें ढोंगी और भाजपा का एजेंट बता दिया है। बघेल ने कहा कि ऐसे कथावाचक छत्तीसगढ़ में सिर्फ पैसा बटोरने आते हैं और धार्मिक आस्था की आड़ में अपना कारोबार चला रहे हैं। बघेल ने कहा कि जब उसका जन्म भी नहीं हुआ था, तब से हम हनुमान चालीसा और हनुमान बाण पढ़ रहे हैं। कल का बच्चा है, क्या उम्र है उसकी। मेरा बेटा भी उससे 10-12 साल बड़ा है। वह हमें हनुमान चालीसा और सनातन धर्म सिखाएगा ?

यह भी पढ़ें:- कोंडागांव में थप्पड़ का बदला लेने खूनी खेल, जंगल ले जाकर सिर धड़ से किया अलग

पूर्व CM भूपेश बघेल ने कथावाचकों की आर्थिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऐसे कई सच्चे कथावाचक हैं, जो जीवन भर भक्ति और ज्ञान का प्रचार करते रहे, लेकिन आज भी मुश्किल से अपना आश्रम चला पा रहे हैं। पवन दीवान जी जैसे बड़े कथावाचक इसका उदाहरण हैं। दूसरी तरफ ये लोग करोड़ों-अरबों के मालिक बन गए हैं, सरकारी जहाजों में घूम रहे हैं, अस्पताल और मेडिकल कॉलेज खोल रहे हैं।

दिव्य दरबार से इलाज होता है तो अस्पताल क्यों ?: बघेल

पूर्व CM ने दिव्य दरबार और चमत्कारों के दावों को लेकर भी कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि अगर झाड़-फूंक और दिव्य दरबार से कैंसर तक ठीक हो जाता है तो फिर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज खोलने की जरूरत क्या है ? वहीं बैठ जाते, सबको वहीं ठीक कर देते। ये अपनी ही बातों का खुद खंडन कर रहे हैं। बघेल ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ के किसी भी संत, साधु या दर्शनशास्त्री के साथ शास्त्रार्थ कर लें। हमारे छत्तीसगढ़ में इतने महापुरुष, संत और विद्वान हैं। किसी एक से भी शास्त्रार्थ करके दिखा दें। मैं चुनौती देता हूं।

देश छोड़कर जाने वाले बयान पर नाराजगी

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भूमि कबीरदास और गुरु घासीदास जैसे महान संतों की विचारधारा से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि यह शांति का टापू है। यहां के लोग शांतिप्रिय हैं। यहां की आध्यात्मिक परंपरा किसी बाहरी व्यक्ति से सीखने की मोहताज नहीं है। भूपेश ने धीरेंद्र शास्त्री के उस बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि हिंदू समाज को जोड़ने को अंधविश्वास कहने वालों को देश छोड़ देना चाहिए। बघेल ने कहा कि क्या यही संतों की भाषा होती है ? दूसरे राज्यों में जाकर किसी पूर्व मुख्यमंत्री के लिए यह शब्द बोलने की हिम्मत नहीं होगी।

कैसे शुरू हुआ विवाद

दरअसल, भूपेश बघेल ने कथावाचकों पर अंधविश्वास फैलाने के आरोप लगाए थे, जिसके बाद पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि अगर हिंदू समाज को जोड़ना अंधविश्वास है तो ऐसे लोगों को देश छोड़ देना चाहिए। इसी बयान के बाद यह सियासी टकराव तेज हो गया। भिलाई में चल रही कथा अब सिर्फ धार्मिक आयोजन न रहकर राजनीतिक बयानबाजी का केंद्र बन गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच जुबानी जंग ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!