Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में ड्रग्स नेटवर्क पर कड़ा प्रहार, 6 महीने में 13 पैडलर्स ग्रुप ध्वस्त, जेल में 53 से ज्यादा आरोपी

Drug Network in Raipur: राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने पिछले 6 महीनों में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान शहर में सक्रिय 13 पैडलर्स ग्रुप पर कार्रवाई करते हुए 53 से ज्यादा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी अभी में जेल में बंद हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से रायपुर में ड्रग्स के बड़े नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास किया गया है। हालांकि सख्ती के बावजूद ड्रग्स की सप्लाई पूरी तरह थमी नहीं है।

यह भी पढ़ें:- ड्रोन से निगरानी, फार्म हाउस में जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, 26 जुआरी गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया है कि रायपुर में ड्रग्स सप्लाई का तरीका अब पूरी तरह बदल गया है। पहले राजस्थान और पंजाब के तस्कर लोकल पैडलर्स के जरिए ड्रग्स की डिलीवरी कराते थे, लेकिन लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई के बाद अब वे स्थानीय पैडलर्स पर भरोसा नहीं कर रहे हैं। अब तस्कर खुद रायपुर और आसपास के इलाकों में आकर ड्रग्स की सप्लाई कर रहे हैं। इसका खुलासा स्टेशन रोड स्थित एक होटल से पकड़े गए पैडलर्स से पूछताछ के दौरान हुआ। (Drug Network in Raipur)

खुद आकर दे रहे डिलीवरी

पकड़े गए आरोपी कैलाश ने पूछताछ में बताया कि वह पाकिस्तान से ड्रग्स लेकर आया था। पहले वह लोकल पैडलर्स के माध्यम से डिलीवरी करता था, लेकिन अधिकतर पैडलर्स के जेल में बंद होने के बाद अब वह खुद ही डिलीवरी देने आ रहा है। पुलिस को पूछताछ में तस्करी के नए पैटर्न की अहम जानकारी भी मिली है। रायपुर में सख्ती बढ़ने के बाद अब ड्रग्स की डिलीवरी राजधानी के बजाय आसपास के शहरों में की जा रही है। दुर्ग, महासमुंद, धमतरी और बिलासपुर में ड्रग्स की सप्लाई की जा रही है। वहां से अलग-अलग माध्यमों से ड्रग्स रायपुर पहुंचाया जा रहा है। (Drug Network in Raipur)

जेल में बंद पैडलर्स का नेटवर्क अब भी सक्रिय

नशा करने वालों को इन शहरों में बुलाया जाता है और फिर पार्सल के जरिए ड्रग्स दिया जा रहा है। इस नए तरीके के चलते नेटवर्क को ट्रैक करने में पुलिस को काफी दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि पैडलर्स जेल में बंद हैं, लेकिन उनका नेटवर्क अब भी सक्रिय बताया जा रहा है। उनके साथी चोरी-छिपे ड्रग्स की सप्लाई कर रहे हैं। पुलिस के पास 310 से ज्यादा ड्रग्स लेने वालों के मोबाइल नंबर मौजूद हैं। इनमें से अधिकांश लोग संभ्रांत परिवारों से जुड़े बताए जा रहे हैं, इसी वजह से अब तक उन्हें थाने नहीं बुलाया गया है। अब ये लोग सीधे बड़े पैडलर्स से संपर्क कर रहे हैं। रायपुर और आसपास के शहरों में ऐसे 600 से ज्यादा लोगों की जानकारी पुलिस के पास है।

अब तक 3 करोड़ रुपए का ड्रग्स जब्त

रायपुर पुलिस ने अब तक की कार्रवाई में 13 पैडलर्स ग्रुप से जुड़े 53 से अधिक आरोपियों से करीब 3 करोड़ रुपए मूल्य का ड्रग्स बरामद किया है। गिरफ्तार तस्करों में सुवित श्रीवास्तव ग्रुप, पिंदर सिंह उर्फ पाबलो, मनमोहन सिंह, नविया उर्फ नाव्या मलिक, विधि अग्रवाल, कमलेश अरोड़ा उर्फ लाली, बगेल सिंह, आयुष दुबे, गगनदीप सिंह, पराग बरछा, अब्दुल करीम, दिलबाग सिंह समेत अन्य शामिल हैं। रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि पंजाब और राजस्थान के कुछ बड़े पैडलर्स के बारे में अहम सुराग मिले हैं। उन्हें पकड़ने के लिए जल्द ही पुलिस टीम दूसरे राज्यों में भेजी जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!