Google Analytics —— Meta Pixel

कांकेर में धर्मांतरण को लेकर फिर भड़का तनाव, धर्मांतरित ईसाई परिवारों के 10 घरों में तोड़फोड़

Conflict Again in Kanker: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के पुसागांव में ईसाई समुदाय के लोगों के घरों में तोड़फोड़ की गई। लाठी-डंडों से लैस ग्रामीणों ने ईसाई परिवारों के घरों में घुसकर जमकर उत्पात मचाया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों और धर्मांतरित ईसाई समुदाय के बीच पहले बैठक हुई थी, जिसमें धर्मांतरित लोगों से मूल धर्म में लौटने की अपील की गई, लेकिन जब उन्होंने इससे इनकार कर दिया तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में ड्रग्स नेटवर्क पर कड़ा प्रहार, 6 महीने में 13 पैडलर्स ग्रुप ध्वस्त, जेल में 53 से ज्यादा आरोपी

ग्रामीणों ने करीब 10 घरों में तोड़फोड़ की। कुछ लोगों ने घरों की छतों और खपरैल छप्परों पर चढ़कर तोड़फोड़ की। लाठी-डंडों से घरों को नुकसान पहुंचाया गया। कई मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। डर के कारण मसीही समाज के लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं। दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं। (Conflict Again in Kanker)

 

कांकेर एसपी निखिल रखेजा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में दो-तीन घरों को नुकसान की बात सामने आई है। दंगाइयों के वीडियो फुटेज भी पुलिस के पास हैं। स्थिति नियंत्रण में है। पीड़ित पक्ष से अभी कायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुसागांव और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की अफवाह या हिंसा को सख्ती से रोका जाएगा।

धर्मांतरण को लेकर पहले भी विवाद

15 दिसंबर 2025 को आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ेतेवड़ा गांव में शव दफनाने के बाद तनाव फैल गया। बिना ग्राम सहमति के शव को निजी खेत में दफनाए जाने पर ग्रामीण भड़क गए। विरोध धीरे-धीरे हिंसा में बदल गया।

पथराव, आगजनी और पुलिस पर हमला

16 और 17 दिसंबर को हालात और बिगड़ गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस पर पथराव हुआ, कई पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आई। (Conflict Again in Kanker)

विवाद के बाद निकाला गया शव

18 दिसंबर 2025 को जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान फिर विरोध हुआ और पुलिस पर पथराव किया गया। स्थिति को देखते हुए गांव में धारा 163 जैसी प्रतिबंधात्मक व्यवस्थाएं लागू की गई थी। प्रशासन ने साफ किया कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। (Conflict Again in Kanker)

7 नवंबर 2025 को भी हुआ था विवाद

कांकेर जिले के कोडेकुर्सी गांव में 7 नवंबर 2025 को शव दफनाने को लेकर विवाद सामने आया था। 50 साल के व्यक्ति की मौत के बाद परिजन शव को ईसाई रीति-रिवाज से गांव में दफनाना चाहते थे, लेकिन ग्रामीणों ने परंपरा का हवाला देते हुए विरोध किया। विरोध के चलते शव को तीन दिन तक अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बावजूद सहमति नहीं बन सकी और गांव में तनाव का माहौल बना रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!