Google Analytics —— Meta Pixel

साल के पहले दिन छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार का बड़ा तोहफा, 665 करोड़ की सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति

New Roads of Chhattisgarh: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने नए साल के पहले दिन छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात दी है। दरअसल, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने चार सड़क खंडों के मजबूतीकरण, चौड़ीकरण और उन्नयन के लिए 664 करोड़ 67 लाख रुपए मंजूर किए हैं। CRIF (Central Road & Infrastructure Fund) से प्राप्त होने वाली इस राशि से राज्य के पांच जिलों में करीब 174 किलोमीटर सड़कों के विकास और उन्नयन के कार्य किए जाएंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने राशि स्वीकृति का आदेश राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग के सचिव को भेजा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी CM अरुण साव ने राज्य में सड़कों के विकास के लिए इतनी बड़ी राशि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद दिया है।

यह भी पढ़ें:- केंद्रीय मंत्री शेखावत ने सिरपुर का किया दौरा, 5वीं से लेकर 12वीं सदी तक जुड़ा है इतिहास

बता दें कि डिप्टी CM अरुण साव के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग की ओर से भारत सरकार को चार सड़क खंडों के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण के प्रस्ताव भेजे गए थे। इन्हें मंजूर करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मुंगेली जिले के कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग के 21 किमी भाग में फोरलेन के निर्माण और मजबूतीकरण के लिए 156 करोड़ 33 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। कांकेर जिले में कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग की 48.4 किमी टू-लेन विद्यमान सतह के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण के लिए 130 करोड़ 63 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। केंद्र सरकार की ओर से CRIF से सुकमा से दंतेवाड़ा मार्ग के 68 किमी लंबाई में टू-लेन सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 230 करोड़ 85 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।

राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग

इसी तरह गरियाबंद जिले में राजिम-फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग में 35.5 किमी लंबाई में सड़क की मजबूती और उन्नयन के लिए 146 करोड़ 86 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इन महत्वपूर्ण मार्गों के विकास और उन्नयन से इन जिलों में राज्यीय राजमार्ग समेत मुख्य जिला मार्ग अच्छी होंगी और आवागमन बेहतर होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने CRIF से मंजूर की गई इस राशि के लिए भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सड़कों के निर्माण में केंद्र सरकार का लगातार सहयोग मिल रहा है। इस राशि से मुंगेली, कांकेर, सुकमा, दंतेवाड़ा और गरियाबंद जैसे दूरवर्ती जिलों में सड़कों का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और उन्नयन होगा। इससे राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में परिवहन बेहतर होगा। 

173.70 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना 

केंद्रीय सड़क अधोसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत मुंगेली, कांकेर, सुकमा/दंतेवाड़ा और गरियाबंद जिलों में 664.67 करोड़ की लागत से 173.70 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण स्वीकृति प्राप्त हुई है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से प्रदेश के लिए स्वीकृत इन परियोजनाओं से राज्य के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये सड़कें बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित परिवहन व्यवस्था और क्षेत्रीय आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। (New Roads of Chhattisgarh)

आपातकालीन सेवाओं को मिलेगा सीधा लाभ 

मुख्यमंत्री साय ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इन परियोजनाओं से बस्तर संभाग के दुर्गम और आंतरिक क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी और ज्यादा सुदृढ़ होगी, जिससे स्थानीय जनता, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क नेटवर्क मजबूत होने से पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और स्थानीय बाजारों तक पहुंच और सरल होगी।मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से लगातार किए जा रहे सहयोग और स्वीकृतियों के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। (New Roads of Chhattisgarh)

CM विष्णुदेव साय ने जताया आभार

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के विशेष प्रयासों से छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य महत्वपूर्ण सड़कों का तेज़ी से विस्तार हो रहा है। डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ आज प्रगति पथ पर मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य में अधोसंरचना विकास, कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार के अवसर निरंतर बढ़ रहे हैं, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई स्वीकृत सड़क परियोजनाएं जल्द क्रियान्वित होकर प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को और ज्यादा गति देंगी। (New Roads of Chhattisgarh)

डिप्टी CM अरुण साव ने भी जताया आभार

वहीं डिप्टी CM और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने विभाग के प्रस्ताव पर सड़कों के विकास समेत उन्नयन के लिए राज्य को मिली राशि के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य में कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना हमारी प्राथमिकता है। राज्य में नई सड़कों के निर्माण और विद्यमान सड़कों की मजबूती और उन्नयन के लिए विभाग की ओर से पिछले दो सालों में 8092 करोड़ रुपए की नवीन स्वीकृति जारी की गई है। लोक निर्माण विभाग इन सभी कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। (New Roads of Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!