तमनार हिंसा का शर्मनाक चेहरा: वायरल वीडियो में महिला आरक्षक से अभद्रता, मदद की गुहार लगाती दिखी
Raigarh Coal Mine Protest : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक में जिंदल समूह की प्रस्तावित JPL कोयला खदान के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान हुई हिंसा का एक गंभीर और निंदनीय वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक महिला आरक्षक के साथ की गई अभद्रता दिखाई दे रही है, जिसके बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल बन गया है।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh Liquor Scam Case : सौम्या चौरसिया आज ईडी कोर्ट में पेश, ट्रायल की तैयारी तेज
यह घटना 27 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कोयला खदान परियोजना के विरोध में 14 गांवों के ग्रामीण लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। घटना के दिन बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। हालात संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तनाव बना रहा।
हालात बिगड़े, हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल
प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक बेकाबू हो गई। भीड़ और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की एवं पथराव की स्थिति बन गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इसी दौरान महिला थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ भी हाथापाई की सूचना है।
महिला आरक्षक के साथ अभद्रता का आरोप
अफरा-तफरी के बीच एक महिला आरक्षक भीड़ से अलग हो गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने उसे दौड़ाया। खेत में गिरने के बाद उसके साथ अभद्रता की गई और उसकी वर्दी फाड़ दी गई। वीडियो में महिला आरक्षक को रोते हुए मदद की गुहार लगाते हुए सुना जा सकता है। यह वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
महिला आरक्षक के साथ हुई घटना को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई लोगों ने कहा है कि “महिला आरक्षक के साथ इस तरह की बर्बरता किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। (Raigarh Coal Mine Protest)
प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है। (Raigarh Coal Mine Protest)



